रुदौली के सामूहिक दुष्कर्म मामले में आया नया मोड़, आरोपी युवक कई दिनों से है क्षेत्र से बाहर
अयोध्या। जनपद के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने दबाव में मुकदमा तो पंजीकृत कर लिया लेकिन प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि आरोपी काफी दिनों से बाहर है। फिलहाल पुलिस मामले …
अयोध्या। जनपद के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने दबाव में मुकदमा तो पंजीकृत कर लिया लेकिन प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि आरोपी काफी दिनों से बाहर है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच पड़ताल में जुट गई है। आरोपी युवक का बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
मंगलवार को दूसरी पहर लगभग 4:30 बजे रुदौली कोतवाली पहुंचे कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक राजभर समुदाय के शख्स ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री के साथ पड़ोस के गांव मीसा के गुजरन पुरवा निवासी अल्पसंख्यक समुदाय के दो युवकों ने बारी बारी दुष्कर्म किया। घटना के समय सुबह लगभग 10:00 बजे उनकी पुत्री गांव के दक्षिण पूर्व स्थित अपने खेत में चारा काटने गई थी। इसी दौरान किशोरी को खेत में घसीट कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में लिखा पढ़ी में हीला हवाली की तो दो समुदाय से जुड़े इस मामले में तमाम ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए थे।
बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक देहात शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सुबह हुई वारदात के मामले में परिवार की ओर से दूसरी पहर 4:30 बजे लिखित शिकायत रुदौली कोतवाली पुलिस को दी गई। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म मारपीट गाली गलौज और पाक्सो अधिनियम के तहत नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है।
प्रारंभिक छानबीन में यह बात प्रकाश में आई है कि जिस को आरोपित किया जा रहा है वह 24 फरवरी से ही बाहर रह रहा है। पहले वह नासिक गया था। इसके बाद मुंबई पहुंचा और वर्तमान में प्रदेश के गाजियाबाद स्थित लोहा मंडी में काम कर रहा है। आरोपी का बयान दर्ज करने और छानबीन के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। उन्होंने बताया कि रुदौली कोतवाली पुलिस को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
