पेड़ के टकराकर कार के उड़े परखच्चे, पति-पत्नी समेत चार की मौत
मुक्तसर। पंजाब के मुक्तसर जिले में मुक्तसर-बठिंडा मार्ग पर भलाईआना गांव के निकट आज सुबह एक कार के तेज गति में अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा जाने से इसमें सवार दम्पति समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कार के पेड़ से टकराते ही इसके परखच्चे उड़ …
मुक्तसर। पंजाब के मुक्तसर जिले में मुक्तसर-बठिंडा मार्ग पर भलाईआना गांव के निकट आज सुबह एक कार के तेज गति में अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा जाने से इसमें सवार दम्पति समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कार के पेड़ से टकराते ही इसके परखच्चे उड़ गये और इसमें बैठे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 12 साल का एक बच्चा भी शामिल है।
ये लोग संगरूर जिले के भम्मीपुर गांव के निवासी हैं और दवा लेने मुक्तसर आ रहे थे। जैसे ही इनकी कार भलाईआना गांव की अनाज मंडी के पास पहुंची तो यह तेज रफ्तार के कारण यह मोड़ नहीं काट सकी और सीधे पेड़ से जा टकराई। मृतकों की शिनाख्त सतनाम सिंह(42), उसकी पत्नी रानी कौर, बहन रघुबीर कौर और भांजे सुखजोत सिंह उर्फ बंटी(नौ) के रूप में की गई है। कार बुआ का लड़का राजेंद्र सिंह चला रहा था जो बाल-बाल बच गया।
कार के पेड़ से टकराने से हुई आवाज सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा हताहतों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद सतनाम सिंह के परिवार में उनकी दो बेटियां और बुजुर्ग रह गये हैं। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। सतनाम के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार के लोग सुबह ही दवा लेने संगरूर गये थे। पुत्र और पुत्री की मौत से दो परिवार उजड़ गये हैं जिससे महेंद्र सिंह गहरे सदमे में हैं।
