बरेली: बंदियों का दें आधार कार्ड, तभी लग सकेगी वैक्सीन
अमृत विचार, बरेली। मार्च आते ही कोरोना ने फिर से दहशत फैला दी है। कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीमारी को फैलने से रोकने के लिए जिला जेल में भी वैक्सीनेशन शुरू होने जा रहा है। ऐसे में वहां बंद बंदियों के परिजनों के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी कर उनके आधार …
अमृत विचार, बरेली। मार्च आते ही कोरोना ने फिर से दहशत फैला दी है। कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीमारी को फैलने से रोकने के लिए जिला जेल में भी वैक्सीनेशन शुरू होने जा रहा है। ऐसे में वहां बंद बंदियों के परिजनों के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी कर उनके आधार कार्ड मांगे गए हैं। डीजी जेल आनन्द कुमार ने कोरोना को रोकने के निर्देश दिए हैं और गाइड लाइन का सख्ती से अनुपालन कराए जाने को कहा है। साथ ही बताया कि अब तक किसी बंदी की मौत कोरोना वायरस से नहीं हुई है।
डीजी जेल के निर्देश के अनुसार कारागारों में बंद 60 वर्ष से अधिक आयु के बंदियों एवं 45 से 59 वर्ष के सहरुग्णता युक्त बन्दियों (अर्थात वे बन्दी जो ऐसे रोगग्रस्त हैं जो कोविड से आसानी से ग्रस्त हो सकते हैं) का कोविड-19 टीकाकरण किया जाए। टीके की प्रथम डोज दिए जाने का कार्य 23 एवं 24 मार्च को पूर्ण किया जाना है।
ऐसे में जिला जेल अधीक्षक ने वहां बंद बंदियों के परिजनों से अपील की है कि वह अपने बंदी का नाम पता और वह किस अपराध में बंद है, उसकी जानकारी के साथ उसका आधार कार्ड उन्हें 9027002750 नंबर पर भेजें। इसके साथ ही जिला जेल के बाहर तैनात बंदी को भी आधार और पैन कार्ड की फोटो कापी उपल्ब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
