बरेली: तीन कॉलेजों में पहुंचा रुविवि का सचल दल, नहीं मिले नकलची
अमृत विचार, बरेली। विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए विश्वविद्यालय का सचल दल भी सक्रिय हो गया है। विधि की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए शुक्रवार को सचल दल ने बरेली कॉलेज समेत तीन महाविद्यालयों में निरीक्षण किया। बरेली कॉलेज में बीए एलएलबी की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। विधि …
अमृत विचार, बरेली। विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए विश्वविद्यालय का सचल दल भी सक्रिय हो गया है। विधि की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए शुक्रवार को सचल दल ने बरेली कॉलेज समेत तीन महाविद्यालयों में निरीक्षण किया। बरेली कॉलेज में बीए एलएलबी की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। विधि की परीक्षाओं में कॉलेज प्रशासन अधिक सख्ती कर रहा है। विश्वविद्यालय ने नकल रोकने के लिए दो सचल दल बनाए हैं।
बरेली में विधि संकायाध्यक्ष डा. अमित सिंह, डा. रामबाबू, डा. विमल कुमार और डा. संजय यादव और मुरादाबाद में डा. ओपी उपाध्याय, डा. पवन सिंह, डा. रूचि द्विवेदी और डा. प्रमोद कुमार का सचल दल बनाया गया है। बरेली में डा. अमित सिंह के नेतृत्व में बने सचल दल ने सूरजभान डिग्री कॉलेज, खंडेलवाल कॉलेज और बरेली कॉलेज में निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कहीं भी नकल नहीं पकड़ी गई। सचल दल के प्रभारी डा. अमित सिंह ने बताया कि सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि विधि की परीक्षा के दौरान दूसरे विषयों के छात्रों को बैठाया जाए। सीसीटीवी और वॉयस रिकार्डर से भी नकल पर लगाम लगाई जा रही है।
बरेली कॉलेज में परीक्षा भवन में काफी संख्या में छात्रों को बैठाया गया था। महाविद्यालय प्रशासन को छात्रों के बीच दूरी बनाने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह से खंडेलवाल कॉलेज में भी एक कक्ष में अधिक छात्रों को बैठाया गया था। यहां भी कम छात्रों को बैठाने के लिए कहा गया है।
कोरोना नियमों का पालन नहीं
बरेली कॉलेज में हजारों की संख्या में छात्र परीक्षा दे रहे हैं लेकिन कोरोना नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। न तो छात्रों को सेनेटाइजर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और न ही कोई छात्र मास्क लगा रहा है। कई छात्र विरोध भी कर रहे हैं।
