बरेली: बियावानी कोठी से गांधी उद्यान तक पत्थर डालने के दौरान लगा जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बियावानी कोठी से गांधी उद्यान तक सीवर लाइन डालने का काम पूरा होने के बाद शुक्रवार को पत्थर डालने का काम शुरू किया गया। इस दौरान जेसीबी और रोलर चलने की वजह से कच्चा रास्ता बंद हो गया। इस रास्ते पर सिर्फ गांधी उद्यान की तरफ से वाहन जा सकते हैं लेकिन …

अमृत विचार, बरेली। बियावानी कोठी से गांधी उद्यान तक सीवर लाइन डालने का काम पूरा होने के बाद शुक्रवार को पत्थर डालने का काम शुरू किया गया। इस दौरान जेसीबी और रोलर चलने की वजह से कच्चा रास्ता बंद हो गया। इस रास्ते पर सिर्फ गांधी उद्यान की तरफ से वाहन जा सकते हैं लेकिन इसी दौरान बियावानी कोठी की तरफ से भी कार व अन्य वाहन आ गए।

दूसरी तरफ से रोडवेज बसें आने से वाहन आमने-सामने आ गए और लंबा जाम लग गया। काफी देर के बाद जाम खुल सका। कालीबाड़ी में भी लंबा जाम लग गया। गांधी उद्यान से मालियों की पुलिया तक एक तरफ से ही वाहन जा सकते हैं। मालियों की पुलिया से कोई भी वाहन नहीं आ सकता है लेकिन शुक्रवार को यहां पर कोई भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इस वजह से वाहन गलत दिशा में जा रहे थे।

इसी तरह से घोड़ा बटालियन से आने वाले वाहन बिजलीघर से कैंट के रास्ते जा सकते हैं। बियावानी कोठी चौराहा पर पहले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगती थी और बैरियर भी लगे थे लेकिन अब सिर्फ एक होमगार्ड की ड्यूटी लगा दी जा रही है। इस वजह से घोड़ा बटालियन से आने वाले वाहन भी गलत दिशा में जा रहे हैं।

इसी वजह से शुक्रवार को लंबा जाम लग गया। गांधी उद्यान के पास काफी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगायी जा रही है लेकिन यह लोग चालान काटने में व्यस्त रहते हैं। यहां पर एक सप्ताहभर बाद भी रास्ते को समतल नहीं किया गया है, इसकी वजह से दिक्कत हो रही है।

चौकी चौराहा तक के रास्ते को भी अभी तक चालू नहीं किया गया है। इस रास्ते पर धूल से भी लोगों को परेशानी हो रही है। श्यामगंज से कालीबाड़ी होते हुए बरेली कॉलेज तक सड़क बन चुकी है लेकिन इसके बावजूद इस पर जाम लग रहा है। जाम की वजह है कि सड़क किनारे अतिक्रमण हो गया है।

इसके अलावा बरेली कॉलेज से पटेल चौक तक 15 मार्च तक सड़क पर पत्थर डालने का कार्य पूरा होना था लेकिन अभी काम पूरा नहीं हुआ है। बरेली कॉलेज से रोडवेज की तरफ वाहन नहीं जा पा रहे हैं। पटेल चौक की तरफ वाहन जाने में दिक्कत हो रही है। चौपुला चौराहा पर भी निर्माण कार्य की वजह से लगातार दिक्कतें हो रही हैं। किला रोड पर सीवर लाइन की खुदाई से जाम और धूल दोनों से लगातार परेशानी हो रही है।

संबंधित समाचार