बरेली कॉलेज गबन मामला: दस्तावेजों पर सचिव के भी थे हस्ताक्षर
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज गबन मामले में परीक्षा भवन व अन्य निर्माण के दस्तावेजों पर प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष के साथ सचिव के भी हस्ताक्षर थे। जो चेक ठेकेदार को दिए गए उन पर भी दोनों के हस्ताक्षर थे। क्राइम ब्रांच ने बैंक से ठेकेदार के खातों की डिटेल मांगी है। इससे पता चल …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज गबन मामले में परीक्षा भवन व अन्य निर्माण के दस्तावेजों पर प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष के साथ सचिव के भी हस्ताक्षर थे। जो चेक ठेकेदार को दिए गए उन पर भी दोनों के हस्ताक्षर थे। क्राइम ब्रांच ने बैंक से ठेकेदार के खातों की डिटेल मांगी है। इससे पता चल जाएगा कि ठेकेदार को कितनी रकम दी गई।
क्राइम ब्रांच ने बरेली कॉलेज प्रबंध समिति से जुड़े पदाधिकारियों के नाम और पते की पूरी जानकारी मांगी है। अभी तक कॉलेज प्रशासन एक कर्मचारी के छुट्टी पर होने का हवाला देकर दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा रहा था लेकिन अब कर्मचारी वापस आ गए हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं जबकि क्राइम ब्रांच के पास शाम तक दस्तावेज नहीं पहुंचे थे।
बरेली कॉलेज में बने परीक्षा भवन समेत अन्य निर्माण कार्यों में गड़बड़ियों की क्राइम ब्रांच दो साल से विवेचना कर रही है लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी। कुछ महीने पहले पीडब्ल्यूडी के साथ संयुक्त जांच की गई तो कई सारी गड़बड़ियां सामने आ गईं। इसके बाद प्रबंध समित के दो पदाधिकारियों उपाध्यक्ष और सचिव, दो पूर्व प्राचार्य और ठेकेदार के नाम विवेचना में शामिल किए गए। विगत सोमवार को सभी के घर क्राइम ब्रांच ने दबिश दी और उपाध्यक्ष काजी अलीमुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि परीक्षा भवन के निर्माण में सबसे ज्यादा गड़बड़ी टेंडर प्रक्रिया में की गई। टेंडर सिर्फ निचली मंजिल का दिया गया। उसके बाद अन्य मंजिलें भी बना ली गईं। जिस वक्त टेंडर प्रक्रिया की गई उस दौरान तीन फर्मों ने हिस्सा लिया था लेकिन दो फर्म बेदखल हो गईं। इसके बावजूद बचे हुए ठेकेदार को टेंडर दे दिया गया जबकि दो ठेकेदारों के बेदखल होने पर फिर से प्रक्रिया करनी चाहिए थी। एक ही ठेकेदार से काम तो कराया गया लेकिन कई अनिमितताएं की गईं।
