बरेली: 300 बेड अस्पताल में फर्जी भर्ती मामले का मास्टरमाइंड विकास गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। 300 बेड कोविड अस्पताल में फर्जी तरीके से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के मास्टरमाइंड विकास को कोतवाली पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे वहां की कोर्ट में पेशकर ट्रांजिट रिमांड पर बरेली लाएगी। उससे पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। 300 …

अमृत विचार, बरेली। 300 बेड कोविड अस्पताल में फर्जी तरीके से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के मास्टरमाइंड विकास को कोतवाली पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे वहां की कोर्ट में पेशकर ट्रांजिट रिमांड पर बरेली लाएगी। उससे पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

300 बेड अस्पताल में करीब 50 लोगों की नौकरी लगवाने के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की गई है। ठगों में विकास यादव, बार्ड ब्वाय ताहिर व अन्य शामिल हैं। ठगों ने भर्ती से पहले फर्जी मेडिकल भी कराए थे। पीड़ितों की शिकायत पर करीब दो महीने पहले कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

उसके बाद पुलिस को पीड़ितों ने वीडियो व ऑडियो भी सौंपे थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विकास की गिरफ्तारी के लिए एनबीडब्ल्यू वारंट भी जारी कराया था लेकिन उसके पश्चिम बंगाल भाग जाने की खबर आयी थी। करीब चार दिन पहले पुलिस एसआई अहमद अली के साथ में एक टीम पश्चिम बंगाल गई। वहां पुलिस ने उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे वहां की कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर लाया जाएगा। उससे पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की भी भूमिका सामने आ जाएगी और फिर गिरफ्तारी की जाएगी।

संबंधित समाचार