बरेली: पांच माह से धूल फांक रहा कारोबार, घट गई आमदनी
अमृत विचार, बरेली। नगर निगम की लापरवाही की वजह से पांच महीने से संजय नगर क्षेत्र के लोग और कारोबारी कई तरह की दिक्कतें झेल रहे हैं। ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलने के दौरान दर्जनों राहगीर चोटिल हो चुके हैं। दोपहिया वाहन चालकों के सामने ज्यादा दुश्वारियां हैं। कपड़ा, मिष्ठान, किराना समेत अन्य तरह के कारोबारी …
अमृत विचार, बरेली। नगर निगम की लापरवाही की वजह से पांच महीने से संजय नगर क्षेत्र के लोग और कारोबारी कई तरह की दिक्कतें झेल रहे हैं। ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलने के दौरान दर्जनों राहगीर चोटिल हो चुके हैं। दोपहिया वाहन चालकों के सामने ज्यादा दुश्वारियां हैं।
कपड़ा, मिष्ठान, किराना समेत अन्य तरह के कारोबारी परेशान हैं। कपड़ा व्यापारी कह रहे हैं कि धूल उड़ने की वजह से ग्राहकों ने दुकानों में आना छोड़ दिया है। आमदनी घटती जा रही है। नगर निगम ने संजय नगर श्मशान भूमि से सड़क का निर्माण शुरू कराया है लेकिन निर्माण कार्य लेटलतीफी से कराया जा रहा है। सड़क न बनने से सबसे ज्यादा नुकसान इस रोड के कारोबारियों को झेलना पड़ रहा है।
संजयनगर मेन मार्केट से लेकर पीलीभीत बाईपास तक बनने वाली सड़क का काम पिछले लगभह पांच माह से अटका हुआ है। दुकानदार धूल की समस्या से आजिज आ चुके हैं। आए दिन होने वाले हादसे भी डरे हुए हैं। उसके बाद भी ठेकेदार और निगम की लेटलतीफी की वजह से अभी तक सड़क का काम पूरा नहीं कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम कई बार सड़क का सर्वे करा चुका है, लेकिन काम वहीं का वहीं अटका हुआ है। दो महीने पहले यहां सीवर लाइन का काम कराया गया था। जिसमें पाइप डालने के बाद गड्डों को मिट्टी और रोड़ों से पाटा गया। उसके बाद से स्थानीय लोगों और व्यापारियों की परेशानियां और बढ़ गईं हैं।
जगह-जगह सड़क खोद कर निगम के कर्मचारियों ने दिक्कतें और बढ़ा दीं। यह रोड दिनभर व्यस्त रहता है। दुपहिया वाहन वाले कॉलोनियों में से होकर निकल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गलियों में बच्चे और बुजुर्ग भी पैदल निकलते हैं और ज्यादा वाहनों के निकलने की वजह से उनके चोटिल होने का डर भी लगा रहता है। इस सड़क पर इतनी परेशानियों के बावजूद भी अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। हालांकि, श्मशान भूमि की तरफ से सड़क पर काम शुरू कराया गया था, लेकिन अभी तक 200 मीटर सड़क का काम भी पूरा नहीं हुआ है।
– पहले जल निगम के कर्मचारियों ने दुकान के आगे सीवर पाइप डाली, जिसकी वजह से कई दिनों तक दुकान बंद करनी पड़ी। अब सड़क पर उड़ती धूल की वजह से बहुत परेशानी हो रही है। टूटी सड़क की वजह से ग्राहक आते ही नहीं हैं। आमदनी करीब 70 प्रतिशत तक कम हुई है। सुनील कुमार, कपड़ा विक्रेता
धूल की वजह से ग्राहकों का आना बहुत कम हो गया है। होली के समय पर भी दुकान में कुछ खास आमदनी नहीं हो रही है। अगर यही हाल रहा तो जल्द ही दुकान बंद करनी पड़ेगी। सड़क पड़ जाने के बाद राहत मिल सकती है। — रोहित शर्मा, रेडीमेड कपड़ा विक्रेता
