मध्यप्रदेश में भीषण सड़क हादसा, बस और ऑटो की टक्कर में 13 लोगों की मौत
ग्वालियर (मप्र)। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार सुबह एक ऑटो रिक्शा और तेज रफ्तार बस के बीच टक्कर होने से 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 12 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। ग्वालियर के जिला पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि मंगलवार सुबह आंगनबाड़ी केन्द्र में खाना बनाने वाली 12 महिलाएं …
ग्वालियर (मप्र)। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार सुबह एक ऑटो रिक्शा और तेज रफ्तार बस के बीच टक्कर होने से 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 12 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। ग्वालियर के जिला पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि मंगलवार सुबह आंगनबाड़ी केन्द्र में खाना बनाने वाली 12 महिलाएं काम करने के बाद एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर वापस अपने घर जा रही थीं। तभी सुबह करीब सात बजे शहर के पुरानी छावनी इलाके में एक बस ने सामने से ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि हादसे में नौ महिलाओं और ऑटो चालक (पुरुष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीन घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एसपी ने बताया कि हादसे में 12 महिलाएं और ऑटो रिक्शा चालक सहित 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शवों की शिनाख्त की जा रही है और उसके बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में बस और आटो के बीच हुई टक्कर में मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। शिवराज चौहान ने ट्वीट कर कहा कि ग्वालियर में बस और ऑटो में टक्कर से हुए भीषण हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय काल कवलित होने से बहुत दुःख पहुंचा है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। मैं और प्रदेश की जनता दुःख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ है। वे स्वयं को अकेला ना समझें।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को चार लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दी जायेगी।
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि ग्वालियर में मुरैना रोड पर यात्री बस और ऑटो रिक्शा की भिड़ंत में लोगों की मौत की दुखद खबर से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
