मुरादाबाद: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला घोंटकर हत्या
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। किसी ने मायके वालों को सूचना दी तो वे मौके पर आ गए। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। किसी ने मायके वालों को सूचना दी तो वे मौके पर आ गए। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम आई रिपोर्ट में भी गला घोंटने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मायके वालों ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी है।
पसियापुर जनूबी निवासी बाबूराम के अनुसार 12 साल पहले उन्होंने बेटी पूजा का विवाह ग्राम भटवाली निवासी श्याम सिंह के साथ किया था। उनके अनुसार बुधवार को किसी अनजान नंबर से उनके बेटे के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने पूजा की मौत होने की खबर दी। इस पर मायके वालों के होश उड़ गए। सभी मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि जब वे उसकी ससुराल पहुंचे तो परिवार के अधिकतर लोग फरार थे।
पूछताछ करने पर मौजूद लोगों ने बताया कि उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद मायके वाले बिफर गए और दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि पति श्याम, जेठ बबलू, ननद सुनीता व माया अक्सर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। वे लोग बाइक व नकदी की मांग कर रहे थे।
बाबूराम के अनुसार 10 दिन पहले ही पूजा ने फोन करके आशंका जताई थी कि अगर उनकी मांग पूरी न हुई तो वे उसकी हत्या कर सकते हैं। हंगामा बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र कृष्ण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
