बरेली: महिला कक्ष निरीक्षक बोलकर करा रहीं थीं नकल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सेमेस्टर परीक्षाओं में लगातार नकलची पकड़े जा रहे हैं। शुक्रवार को जब बरेली कॉलेज में उड़न दस्ते ने छापा मारा तो एक महिला कक्ष निरीक्षक बोल-बोलकर नकल करा रही थीं। इसके अलावा अन्य कक्ष निरीक्षक आराम से एक साथ बैठकर मोबाइल में व्यस्त थीं। यही वजह रही कि महिला कक्ष निरीक्षक को …

बरेली, अमृत विचार। सेमेस्टर परीक्षाओं में लगातार नकलची पकड़े जा रहे हैं। शुक्रवार को जब बरेली कॉलेज में उड़न दस्ते ने छापा मारा तो एक महिला कक्ष निरीक्षक बोल-बोलकर नकल करा रही थीं। इसके अलावा अन्य कक्ष निरीक्षक आराम से एक साथ बैठकर मोबाइल में व्यस्त थीं। यही वजह रही कि महिला कक्ष निरीक्षक को संदेह होने पर तत्काल बदल दिया। महाविद्यालयों में नकल की सूचना कुलपति प्रो. केपी सिंह के पास पहुंची थी। जिसके बाद उन्होंने तुरंत उड़नदस्ते को छापा मारने के निर्देश दिए।

सेमेस्टर परीक्षाओं में बरेली कॉलेज में कुछ दिन पहले कॉलेज के ही सचल दल ने एक छात्र को नकल के साथ पकड़ा था। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के सचल दल ने अलग-अलग महाविद्यालयों में नकलची पकड़े हैं। शुक्रवार को कुलपति को सूचना मिली कि कुछ महाविद्यालयों में बेरोकटोक नकल हो रही है। कॉलेज प्रशासन सख्ती नहीं कर रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सचल दल को तुरंत महाविद्यालयों में छापा मारने के निर्देश दिए।

बरेली कॉलेज में पकड़ी गई नकल।

विधि संकायाध्यक्ष डा. अमित सिंह के नेतृत्व में डा. रामबाबू सिंह और डा. विमल कुमार के उड़ाका दल ने पहले खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उसके बाद दल बरेली कॉलेज पहुंचा। यहां पर सचल दल ने देखा कि परीक्षा भवन की ऊपरी मंजिल में करीब 150 छात्रों को बैठाया गया था। इसमें एलएलबी, बीबीए व बीसीए के छात्र परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा दे रहे अधिकांश छात्र आपस में बात करके नकल कर रहे थे। इसके अलावा कई छात्र पर्ची से नकल कर रहे थे। वहां मौजूद एक महिला कक्ष निरीक्षक बोल-बोल कर नकल करा रही थीं।

इसके अलावा अन्य महिला निरीक्षक मोबाइल पर व्यस्त थीं। उड़न दस्ते ने 12 छात्रों को पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली। कई ने प्रवेश पत्र पर लिखा था तो कई लोगों ने प्रश्न पत्र पर लिख रहा था। इसके अलावा कुछ ने पर्चियां बना रखी थीं। सघन चेकिंग और कॉपी से मिलान के बाद 5 छात्रों की कॉपी को नकल के साथ सील कर दिया गया। प्रॉक्टोरियल बोर्ड को बुलाकर पूरे भवन की तलाशी भी ली गई। यह सभी छात्र फ्यूचर कॉलेज के थे।

उड़न दस्ते ने परीक्षा केंद्रों पर कोविड की सावधानियों संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया और केंद्राध्यक्ष एवं कक्ष निरीक्षकों को उचित दिशा-निर्देश दिए गए। डा. ओपी उपाध्याय कोऑर्डिनेटर, डॉ पवन सिंह, डॉ रुचि द्विवेदी के उड़न दस्ते ने मुरादाबाद के केजीके डिग्री कॉलेज एवं हिंदू कॉलेज का निरीक्षण किया। दोनों महाविद्यालयों में कोविड के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए परीक्षा का आयोजन सही मिला।

डंडा फटकार कर निकाले परीक्षार्थी
बरेली कॉलेज में शुक्रवार को एक बार फिर से परीक्षा छूटने के बाद छात्रों की भीड़ इकट्ठा हो गई। अधिक संख्या में परीक्षार्थी होने के चलते कोरोना नियमों का पालन नहीं हो सका। कई छात्र-छात्राओं ने रंग भी खेलना शुरू कर दिया। चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा टीम के साथ तुरंत पश्चिमी द्वार तक डंडा फटकार कर जल्द से जल्द परिसर को खाली कराने लगीं। करीब 20 मिनट बाद परिसर खाली हो सका। परिसर से बाहर होने पर कई छात्र मुख्य द्वार पर सड़क पर रंग खेलने लगे। जिसके बाद टीम ने वहां से भी सभी को खदेड़ दिया। इस दौरान कई छात्र टीम से उलझ भी गए।

संबंधित समाचार