मुरादाबाद: दुबई में नौकरी लगवाने के बहाने 3.5 लाख ठगे, एसएसपी से शिकायत
मुरादाबाद,अमृत विचार। मूंढापांडे क्षेत्र में रहने वाले दो युवकों से दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी कर ली गई। रकम लेने के बाद ठग ने उनको दुबई भी भेज दिया, लेकिन नौकरी नहीं दिलवाई। वापस आने पर दोनों युवकों ने जब ठग से रकम वापस मांगी तो वह धमकाने लगा। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मूंढापांडे क्षेत्र में रहने वाले दो युवकों से दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी कर ली गई। रकम लेने के बाद ठग ने उनको दुबई भी भेज दिया, लेकिन नौकरी नहीं दिलवाई। वापस आने पर दोनों युवकों ने जब ठग से रकम वापस मांगी तो वह धमकाने लगा। पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एसएसपी को आवेदन सौंपा है।
नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार हुए युवक मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर इकरोटिया निवासी सुल्तान व ग्राम दौलरी निवासी फराहीम हैं। दोनों ने एसएसपी को आवेदन देकर ठगी की शिकायत की। पीड़ित युवकों का कहना है कि करीब चार माह पहले एक परिचित ने आसिफ से मुलाकात कराई।
आसिफ ने मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि उसकी दुबई में अच्छी जान-पहचान है। अगर वहां पर अच्छी सैलरी में नौकरी करना चाहते हो तो संपर्क करना। युवकों के अनुसार इसके बाद आसिफ से फोन पर बात होने लगी। बाद में उसने दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। भरोसे में आकर दोनों ने करीब 3.50 लाख रुपए आसिफ को दे दिए।
पीड़ित युवकों का कहना है कि रकम लेने के कुछ दिनों बाद आसिफ ने उन्हें दुबई तो भेज दिया, लेकिन नौकरी नहीं मिली। 15 दिन तक धक्के खाने के बाद दोनों वापस घर लौट आए। इसके बाद उन्होंने आसिफ से रकम मांगी तो उसने देने से इंकार कर दिया। दबाव देने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। एसएसपी ने मूंढापांडे पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
