बरेली: युवती से छेड़छाड़ पर प्रेमनगर इंस्पेक्टर बोले-होली बाद दर्ज करेंगे रिपोर्ट
अमृत विचार, बरेली। छेड़छाड़ जैसे संगीन मामले में भी पुलिस गंभीर नहीं है। जबकि मुख्यमंत्री से लेकर डीजीपी का साफ कहना है कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजें लेकिन बरेली में पुलिस अधिकारी ही नियमों का पालन करते नहीं दिख रहे। अधिकारी मामले को दबाने में जुटे हैं। ऐसा ही …
अमृत विचार, बरेली। छेड़छाड़ जैसे संगीन मामले में भी पुलिस गंभीर नहीं है। जबकि मुख्यमंत्री से लेकर डीजीपी का साफ कहना है कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजें लेकिन बरेली में पुलिस अधिकारी ही नियमों का पालन करते नहीं दिख रहे। अधिकारी मामले को दबाने में जुटे हैं। ऐसा ही एक मामला रविवार देर रात प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सामने आया।
अपनी मां को दवा दिलाने के लिए भाई के साथ ई-रिक्शा से जा रही युवती के साथ कुछ लोगों ने छेड़छाड़ की। भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता परिजनों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची तो उसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। इस दौरान थाने में सीओ भी मौजूद थे। इंस्पेक्टर ने पीड़िता से कहा कि होली के बाद आकर रिपोर्ट लिखाना। वहीं, आरोपी भी थाने पहुंचा था। पुलिस की कार्यशैली से पीड़िता व उसके परिवार में रोष है।
सुर्खा बानखाना की एक युवती रविवार देर रात मां को दवा दिलाने के लिए ई-रिक्शा से भाई के साथ जा रही थी। रास्ते में उसे एक कथित भाजपा नेता मिल गया। अचानक ई-रिक्शा कथित भाजपा नेता की स्कूटी से टकरा गया। इस पर नेता आगबबूला हो गया। ई-रिक्शा चला रहे युवती के भाई को पीटा।
युवती का भाई आरोपी और उसके साथियों से माफी मांगता रहा। युवती का आरोप है कि जब वह अपने भाई को बचाने के लिए गई तो कथित नेता और उसके साथियों ने छेड़छाड़ की। तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। युवती का आरोप है कि जब उसने इंस्पेक्टर को तहरीर दी तो उन्होंने कहा कि जो हुआ हो, वही लिखना। अधिकारी ने होली का हवाला देते हुए मंगलवार को तहरीर देने की बात कही। युवती के थाने पहुंचने के दौरान सीओ भी थे। सीओ के सामने दोनों पक्षों में बातचीत होती रही।
