शाहजहांपुर: पत्नी को मारकर खुद भी फांसी लगाकर दी जान
शाहजहांपुर/कांट, अमृत विचार। थाना कांट के मोहल्ला गढ़ी पूर्वी में नव दंपति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर कमरे में मिले। महिला का शव बेड पर पड़ा हुआ था, जबकि युवक का शव फंदे पर लटक रहा था। चर्चा है कि युवक ने पहले पत्नी की …
शाहजहांपुर/कांट, अमृत विचार। थाना कांट के मोहल्ला गढ़ी पूर्वी में नव दंपति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर कमरे में मिले। महिला का शव बेड पर पड़ा हुआ था, जबकि युवक का शव फंदे पर लटक रहा था। चर्चा है कि युवक ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी, फिर खुद फंदे पर लटक गया। पुलिस ने घटना की जानकारी कर दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कांट क्षेत्र के गांव कौड़ा निवासी पूर्व प्रधान सियाराम के बेटे विपिन कुमार (25) की शादी एक वर्ष पहले कांट कस्बे के मोहल्ला गढ़ी पूर्वी निवासी श्रीराम की बेटी रेनू से हुई थी। विपिन ने ससुराल में ही कुछ दूरी पर ही अपना मकान बनवा रखा था, इसलिए दोनों यहीं गढ़ी पूर्वी में ही रह रहे थे। विपिन कस्बे में ही मोबाइल की दुकान करता था।
रविवार को होली पर दोनों लोग ससुराल में खाना खाने गए और इसके बाद अपने घर लौट आए। रात में दोनों के बीच न जाने कौन सी ऐसी बात हुई कि जान देने का फैसला ले लिया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे रेनू की मां प्रेमवती घर पहुंची तो मकान के अंदर कमरे में बेड पर उनकी बेटी रेनू मृत अवस्था में पड़ी थी और दामाद विपिन दुपट्टे से कुंडे में फंदे पर लटक रहा था। घटना की जानकारी लगते ही भीड़ लग गई। रेनू के पिता श्रीराम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
“कांट कस्बे में नव दंपति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। कमरे के अंदर महिला बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी और महिला का पति फंदे पर लटका हुआ था। दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” -संजय कुमार, एएसपी सिटी
