बरेली: घोड़ा बटालियन का रास्ता बंद होने से श्यामगंज में दिनभर जाम
अमृत विचार, बरेली। घोड़ा बटालियन का रास्ता बंद होने से शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है। ईसाइयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक का रास्ता चालू न होने से वाहनों को श्यामगंज होकर गुजारा जा रहा है। बुधवार को इसकी वजह से दिनभर श्यामगंज में जाम में वाहन फंसते रहे। इसी तरह से किला रोड …
अमृत विचार, बरेली। घोड़ा बटालियन का रास्ता बंद होने से शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है। ईसाइयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक का रास्ता चालू न होने से वाहनों को श्यामगंज होकर गुजारा जा रहा है। बुधवार को इसकी वजह से दिनभर श्यामगंज में जाम में वाहन फंसते रहे। इसी तरह से किला रोड पर सिटी स्टेशन से जसौली तक जाम में वाहन फंसे रहे। यहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी नदारद रहे। किला रोड पर जाम लगने से चौपुला पर भी वाहन जाम में फंस गए।
ईसाइयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक सीवर लाइन की खुदाई का कार्य होने के चलते ट्रैफिक पुलिस के आग्रह पर सेना ने 18 मार्च तक घोड़ा बटालियन के रास्ते को खोल दिया था। इस रास्ते को 10 दिन के लिए खोलने की अनुमति मांगी गई थी लेकिन करीब 40 दिन तक रास्ता खुला रहा। होली से पहले सेना ने अचानक रास्ता बंद कर दिया। दूसरी तरफ ईसाइयों की पुलिया के रास्ते पर निर्धारित समय में 31 मार्च तक पत्थर डालने का काम भी शुरू नहीं किया गया। इस वजह से वाहनों को श्यामगंज से होकर गुजारा गया। बुधवार को होली की छुट्टी के बाद दफतर खुल गए और लोगों का आवागमन भी शुरू हो गया।
बरेली कॉलेज के आगे भी नगर निगम के द्वारा रास्ता बंद होने से श्यामगंज से ही वाहनों को विकास भवन रोड पर डायवर्ट किया जाने लगा लेकिन मोड़ पर अतिक्रमण और संकरी सड़क की वजह से जाम लगता रहा। ट्रैफिक टीआई परवेज खान ने जल निगम के अधिकारियों को फोन करके जल्द ईसाइयों की पुलिया के रास्ते को बराबर करने के लिए कहा है ताकि इस रास्ते से वाहनों का आवागमन शुरू किया जा सके।
किला रोड पर सिटी श्मसान भूमि क्रासिंग पर लंबा जाम लग गया। इस रोड पर सीवर लाइन की खुदाई की वजह से एक ही तरफ वाहन गुजर रहे हैं। यहां पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद न होने की वजह से काफी दिक्कतें हुईं। होली के दूसरे दिन भी किला रोड और लाल फाटक पर जाम लगा था। यहां पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी लेकिन वह नहीं पहुंचे। इसकी वजह से उनका जबाव भी मांगा गया है।
