मुरादाबाद: सख्ती के दावे फिर भी मंडल में बिक रही अवैध शराब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध व कच्ची शराब के लिए बदनाम हो चुका मुरादाबाद मंडल एक बार फिर साख को बट्टा लगा रहा है। चुनाव नजदीक आते ही अवैध शराब का कारोबार काफी बढ़ गया है। दूसरे राज्यों की शराब की भी मांग काफी बढ़ गई है। पुलिस-प्रशासन की तमाम सख्ती के …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध व कच्ची शराब के लिए बदनाम हो चुका मुरादाबाद मंडल एक बार फिर साख को बट्टा लगा रहा है। चुनाव नजदीक आते ही अवैध शराब का कारोबार काफी बढ़ गया है। दूसरे राज्यों की शराब की भी मांग काफी बढ़ गई है। पुलिस-प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी यह कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है।

कुछ दिनों में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस व आबकारी की टीमों ने मुरादाबाद के अलावा रामपुर व अमरोहा जिले में कच्ची व दूसरे राज्यों की शराब बरामद कर इस अवैध कारोबार का खुलासा किया है। पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने पंचायत चुनाव में शराब खपाने की बात स्वीकार की है।

मुरादाबाद मंडल अवैध शराब के लिए काफी बदनाम है। मुरादाबाद के अलावा रामपुर, सम्भल व अमरोहा जिले में यह कारोबार काफी फल-फूल रहा है। खासतौर पर देहात क्षेत्र में जंगलों में खुलेआम कच्ची शराब बनाई जा रही है। कुछ गांवों से लेकर मोहल्ले तक कच्ची शराब के लिए बदनाम हैं। कहीं न कहीं आबकारी अफसरों की लापरवाही के कारण अवैध शराब तस्कर लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

प्रदेश में कहीं कोई बड़ी घटना या फिर त्योहार आने पर शासन से सख्ती होती है तो आबकारी अफसर चेकिंग करने के दावे तो करते हैं। लेकिन, हकीकत काफी जुदा होती है। इसका खुलासा तीन माह के अंदर एसटीएफ बरेली ने किया। टीम ने रामपुर व मुरादाबाद में दबिश देकर बड़ी मात्रा में स्प्रिट बरामद की। इसके अलावा थाना पुलिस भी कई बार इस धंधे का खुलासा कर चुकी है।

रामपुर, मुरादाबाद व अमरोहा में पकड़ी गई शराब
चुनाव के मद्देनजर शासन ने सख्ती की तो थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई। इसी के तहत पाकबड़ा पुलिस ने करीब ढाई लाख की हरियाणा मार्का शराब बरामद करने के साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अमरोहा जिले में गजरौला पुलिस ने करीब साढ़े तीन लाख की कीमत की हरियाणा मार्का शराब बरामद की। इसके अलावा आबकारी अफसरों ने सिविल पुलिस के साथ मिलकर बड़ी मात्रा में कच्ची व अवैध देसी शराब बरामद करने के साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा रामपुर में भी कच्ची व दूसरे राज्य की शराब बरामद की गई। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि पंचायत चुनाव में शराब खपाने की तैयारी थी। उन्होंने मांग पर शराब लाने की भी बात भी कबूल की है।

आबकारी उपायुक्त आरके निगम ने कहा कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर पूरे मंडल में सख्ती से अभियान चलाया जा रहा है। जिलावार टीमों का गठन किया गया है। स्थानीय पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर टीमें लगातार निरीक्षण कर कार्रवाई कर रही है।

संबंधित समाचार