सैलानियों की बसों का मुख्य केंद्र बनेगा मुरादाबाद
मुरादाबाद। कुल्लू-मनाली (हिमाचल) के पर्यटकों को रोडवेज की कूल-कूल बस सेवा में मुरादाबाद मुख्य केंद्र होगा। छोटी और सुंदर बसें पर्यटकों के लिए चलाईं जाएंगी, जिसके लिए यूपी राज्य परिवहन निगम और हिमाचल सरकार के बीच अनुबंध हो गया है। बहुत जल्द ही यूपी से कुल्लू-मनाली की बस सेवा शुरू होगी। उच्च पदस्थ सूत्रों का …
मुरादाबाद। कुल्लू-मनाली (हिमाचल) के पर्यटकों को रोडवेज की कूल-कूल बस सेवा में मुरादाबाद मुख्य केंद्र होगा। छोटी और सुंदर बसें पर्यटकों के लिए चलाईं जाएंगी, जिसके लिए यूपी राज्य परिवहन निगम और हिमाचल सरकार के बीच अनुबंध हो गया है। बहुत जल्द ही यूपी से कुल्लू-मनाली की बस सेवा शुरू होगी।
उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि रोडवेज की इस सेवा में मुरादाबाद अहम केंद्र होगा। अभी भी मुरादाबाद से देहरादून और नैनीताल रूट को यहां से 24 घंटे बसें मिलती हैं। इस बीच राज्य सरकार ने नई सेवा का ऐलान कर दिया है। लखनऊ, गाजियाबाद और बरेली से बसें चलेंगी। लेकिन, उनका मुख्य नियंत्रण मुरादाबाद से होगा। बसों की उपलब्धता, पर्यटकों की संख्या और अन्य प्रबंधकीय कारणों से यह फैसला लिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम और हिमाचल सरकार के बीच दोनों राज्यों के मध्य पर्यटक बस सेवा का अनुबंध हो गया है। हिमाचल परिवहन ने यात्रियों और सैलानियों की जरूरत को देखते हुए छोटी साइज की बसों का सुझाव दिया है, क्योंकि इन बसों में यात्रा सुखद, सुरक्षित और सुकूनदायक होती है।
जानकारों की मानें तो प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चलीं बसें मुरादाबाद में अटेंड की जाएंगी। बरेली की पर्यटक बसों का केंद्र भी मुरादाबाद होगा। अभी नई सेवा की टैरिफ और बसों की संख्या को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। माना जा रहा है कि गर्मी बढ़ने के के साथ यह सेवा शुरू हो जाएगी। मुरादाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन कहते हैं कि दोनों सरकारों के स्तर पर इसका निर्णय लिया जाना है।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि कोरोना के लेकर अभी सरकार इसमें जल्दबाजी से बच रही है। लेकिन, एक बात तय है कि इस सेवा के संचालन में मुरादाबाद की बड़ी भूमिका होगी। भौगोलिक और कारोबारी बिंदुओं को लेकर मुरादाबाद केंद्र में है। पर्यटक केंद्रों के यात्री मुरादाबाद से होकर ही निकलते हैं। इसलिए हिमाचल की पर्यटक बस सेवा के संचालन में इस मंडल की अहम और जिम्मेदार भूमिका होगी। अभी इस मामले में विभागीय तौर पर पत्राचार होना है।
