बरेली: जो सामाजिक दूरी का पालन न करे, बगैर मास्क के घूमे, कार्रवाई करें- कमिश्नर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली मंडल में कोरोना संक्रमण दर बढ़ने पर मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने नाराजगी जताई है। मंडलायुक्त ने मंगलवार को चारों जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ कोविड नियंत्रण की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं और बिना मास्क के …

बरेली, अमृत विचार। बरेली मंडल में कोरोना संक्रमण दर बढ़ने पर मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने नाराजगी जताई है। मंडलायुक्त ने मंगलवार को चारों जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ कोविड नियंत्रण की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं और बिना मास्क के ही सार्वजनिक स्थानों पर आ-जा रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। कोरोना की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कोविड वैक्सीनेशन की समीक्षा की। उन्होंने बरेली में एंटीजेन टेस्ट की गति तेज करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि बरेली के कुल कोरोना मरीजों में होम आइसोलेशन में 74 प्रतिशत मरीज हैं। सभी मरीजों की नियमानुसार निगरानी की जा रही है।

मंडलायुक्त ने बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत तथा बदायूं के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोविड-19 की रिपोर्ट शासन को प्रतिदिन भेजी जाये। निर्देश दिये कि बाहर से आ रहे लोगों की कड़ी निगरानी करें। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में समस्त कोविड हेल्प डेस्क को सक्रिय करने के लिए भी कहा।

मुख्य चिकित्साधिकारी पीलीभीत ने कहा कि उनके जनपद के सैम्पल की रिपोर्ट प्राप्त होने में कुछ विलंब हो रहा है। मंडलायुक्त ने इस कार्य में सुधार करने के निर्देश दिये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूं ने अवगत कराया कि बदायूं में इस समय कोविड के 163 एक्टिव केस हैं। 154 केस होम आइसोलेशन और नौ मरीज अस्पताल में हैं। मंडलायुक्त ने मरीजों से समय-समय पर बात कर उनकी स्थिति जानने के निर्देश दिए।

बरेली सीएमओ को वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने के निर्देश
मंडलायुक्त ने कहा कि सभी लोगों को नियमानुसार वैक्सीन लगवाएं। वैक्सीनेशन से कोई भी न छूटे। सभी सीएचसी व पीएचसी केंद्रों पर हो रहे वैक्सीनेशन की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीलीभीत में वैक्सीन के वेस्टेज कम होने पर प्रशंसा व्यक्त की और कहा कि बदायूं की वैक्सीनेशन की स्थिति में सुधार आया है।

मंडलायुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि वे गांव-गांव में कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं। बरेली में वैक्सीनेशन की गति को बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि टॉप 10 जनपदों की सूची में बरेली शामिल हो सके। उन्होंने मंडल के सभी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि 8 अप्रैल, 9 अप्रैल को पत्रकारों व दुकानदारों को वैक्सीन लगाई जाए, जिनकी उम्र 45 वर्ष या उससे अधिक हो।

कमिश्नरी में खोला कंट्रोल रूम, आठ अधिकारी तैनात
मंडल के जनपदों में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। संक्रमण की दर बढ़ने पर बरेली अलर्ट पर रखा गया है। जनपदों में कोविड नियंत्रण के साथ आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कमिश्नरी में कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसमें आठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। दो शिफ्टों में अधिकारियों को तैनात किया गया है।

मंडलायुक्त के निर्देश पर अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार ने अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। अधिकारियों को प्रत्येक जनपद से अपडेट लेकर मंडलायुक्त को जानकारी देने के साथ रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार