कोरोना फिर से मचा रहा तबाही, 9 से 19 अप्रैल तक रायपुर में सख्त पूर्ण लॉकडाउन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोरोना संक्रमण के बेकाबू हो जाने और बड़ी संख्या में नए संक्रमित मरीज मिलने एवं लोगों की मौत होने के कारण 9 अप्रैल की शाम से 10 दिनों के सख्त पूर्ण लॉकडाउन लागू करने का प्रशासन ने निर्णय लिया है। रायपुर के कलेक्टर डा. एस.भारतीदासन ने आज यहां प्रेस …
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोरोना संक्रमण के बेकाबू हो जाने और बड़ी संख्या में नए संक्रमित मरीज मिलने एवं लोगों की मौत होने के कारण 9 अप्रैल की शाम से 10 दिनों के सख्त पूर्ण लॉकडाउन लागू करने का प्रशासन ने निर्णय लिया है।
रायपुर के कलेक्टर डा. एस.भारतीदासन ने आज यहां प्रेस कान्फ्रेंस में यह जानकारी देते हुए बताया कि सम्पूर्ण रायपुर जिले में 9 अप्रैल की शाम छह बजे से लॉकडाउन शुरू होगा और 19 अप्रैल को सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान जिले की सभी सीमाएं पूरी तरह से सील रहेंगी। केवल मेडिकल स्टोर्स खुलेंगे लेकिन उनसे भी यथासंभव होमडिलिविरी के लिए कहा जायेगा। इसके अलावा अन्य कोई दुकान खुलने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि दूध एवं न्यूज पेपर वितरण के लिए सुबह 6 बजे से आठ बजे तक तथा शाम को पांच बजे से साढ़े छह बजे तक की अनुमति होगी। जिले में शराब की दुकाने भी बन्द रहेंगी। गैस एजेन्सियों को भी केवल टेलीफोनिक या ऑनलाइन आर्डर लेने और उन्हे ग्राहकों के घर पहुंचाने की अनुमति होंगी। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर केन्द्र एवं राज्य सरकार के सभी कार्यालय एवं बैंक बन्द रहेंगे।
भारतीदासन ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से रायपुर से अन्यत्र आने जाने वाले लोगों को ई-पास लेना होगा। पेट्रोप पम्पों को भी इस दौरान केवल शासकीय एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही तेल देने की अनुमति होगी। मीडियाकर्मियों को भी यथासंभव वर्क फ्राम होम करने की सलाह दी गई है।
दरअसल रायपुर एवं बीरगांव नगर निगम क्षेत्रों में गत 30 मार्च से रात्रि कर्फ्यू लागू किया गया है। इसके बाद 3 अप्रैल से इसके समय को और बढ़ाया गया पर संक्रमण पर नियंत्रण होना तो दूर इसमें बहुत तेजी से इजाफा हुआ है। अब तक के सारे रिकार्ड टूट गए है। कल रायपुर में रिकार्ड 2821 नए संक्रमित मरीज मिले और 26 लोगो की मौत हुई थी। यह सिलसिला लगातार कई दिनों से जारी है।
रायपुर के बाद सबसे बुरी स्थिति दुर्ग जिले है। वहां पर तमाम कोशिशों के बाद हालात में सुधार नही होने के कारण 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक का पूर्ण लॉकडाउन लागू है। राज्य के कई शहरों में रात्रि कर्फ्यू लागू है। रायपुर एवं दुर्ग में खराब हालात का अन्दाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शव गृहों में कई बार शव रखने की जगह खत्म हो जा रही है।
लगातार खराब होते हालात के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राज्य के सभी संभागों के समाज प्रमुखों से वर्चुवल बैठक कर उनसे संक्रमण को रोकने में सहयोग करने और आवश्यक मदद करने का आग्रह किया है। बघेल ने पिछले वर्ष की तरह उनसे फिर आगे आकर मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाने की अपील की है।
