बरेली: जहां संक्रमण रोकने की जिम्मेदारी, वहां बरत रहे लापरवाही

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के साथ लोग लापरवाही भी खूब बरत रहे हैं। कोरोना के संक्रमण से बचाने की प्रमुख जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है लेकिन जिला अस्पताल में ही अनदेखी की जा रही है। यहां कोरोना नियमों का पालन नहीं हो रहा है। मरीज एक-दूसरे से सटकर खड़े …

बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के साथ लोग लापरवाही भी खूब बरत रहे हैं। कोरोना के संक्रमण से बचाने की प्रमुख जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है लेकिन जिला अस्पताल में ही अनदेखी की जा रही है। यहां कोरोना नियमों का पालन नहीं हो रहा है। मरीज एक-दूसरे से सटकर खड़े हो रहे हैं। मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। ऐसे में इलाज के लिए आ रहे मरीज कहीं कोरोना की चपेट में न आ जाएं।

अप्रैल के पहले सप्ताह में ही करीब 200 से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। जिले में 450 से अधिक सक्रिय मामले हैं। अस्पताल के अलावा बाजार में भी इसी तरह के हालात हैं। सरकारी दफ्तरों में भी कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। जिला अस्पताल में बुधवार को ओपीडी में इलाज के आए लोगों ने शासन की ओर से निर्धारित कोरोना गाइडलाइन के नियमों को भी ताक पर रख दिया।

इस दौरान जिला अस्पताल परिसर में न ही आने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही थी। भीड़ ओपीडी परिसर होने के साथ ही चिकित्सक के कमरे के अंदर भी सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे थे। इस संबंध में एडीएसआईसी डा. सुबोध कुमार ने बताया कि सामाजिक दूरी के पालन को लेकर सभी चिकित्सकों को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं। मरीजों व तीमारदारों की स्क्रीनिंग के लिए भी कहा गया है।

कोरोना की जांच के लिए लग रही लाइन
आलम ये है कि सड़क के पार कोरोना सैंपल केंद्र के बाहर धक्कामुक्की के बीच महिला और पुरुषों की लंबी लाइन लग रही है जहां पर सामाजिक दूरी पूरी तरह खत्म हो गई। सैंपल केंद्र के बाहर की स्थिति देखकर यह लगा कि मरीज और तीमारदार कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर बिल्कुल भी सचेत नहीं हैं जहां एक ओर सैंपल लिया जा रहा है वहीं दूसरी ओर बाहर मरीज बिना सामाजिक दूरी का पालन कर लंबी लाइन लगाए हैं। सामाजिक दूरी तो दूर की बात है। यहां लोग मास्क भी ठीक से नही लगाते हैं। यहां पर हर दिन ऐसा ही होता है। भीड़ देखकर चिकित्सक और विभागीय अधिकारी भी सामाजिक दूरी को नजरअंदाज कर देते हैं।

गर्भवतियों को भी संक्रमण का खतरा
गर्भवतियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने की वजह से संक्रमण बेहद आसानी से चपेट में ले सकता है। ये जानने के बाद भी जिला महिला अस्पताल में चिकित्सकों के कमरे के बाहर भीड़ को संक्रमण के खतरे का कोई अंदेशा नहीं दिखाई देता। मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डा. अलका शर्मा ने बताया कि स्टाफ को इस बाबत सूचित कर दिया गया है।

बाजारों में आमजन अधिक हो रहे लापरवाह
विभाग के साथ-साथ आमजन की लापरवाही भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है। बाजारों में लोगों का बिना मास्क के घूमना आम बात हो गई है। रोडवेज में भी स्क्रीनिंग नहीं की जा रही। अनेक दुकानों में दुकानदार या संचालक भी बिना मास्क के ही दिखाई देते हैं। शुरुआती दौर में जनता में कोरोना का काफी भय था, जिस कारण सभी लोग मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन कर रहे थे। लोग लापरवाही बरतने लगे हैं, जिससे संक्रमण की चैन बढ़ती जा रही है। विभाग संक्रमण रोकने के लिए पूरे प्रयास कर रहा है।

जिले में बढ़ते संक्रमण की देखते हुए सभी जनपद वासियों से अपील है कि सामाजिक दूरी का पालन करे, वहीं, बाजारों में व्यापरियों से भी अनुरोध है कि ग्राहकों से कोविड गाइडलाइंस का पालन करने को लेकर जागरूक करे। इसके अलावा 45 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिक अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीनेशन कराएं। -डा. एसके गर्ग, सीएमओ

संबंधित समाचार