मुरादाबाद : परिवार के विरोध में प्रेमी युगल ने खाया जहर, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। प्रेमी पहले से शादीशुदा था। इस कारण उनके परिजन इसके विरोध में थे। दोनों जहरीले पदार्थ का सेवन कर घर पहुंचे तो हालत खराब देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती …

मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। प्रेमी पहले से शादीशुदा था। इस कारण उनके परिजन इसके विरोध में थे। दोनों जहरीले पदार्थ का सेवन कर घर पहुंचे तो हालत खराब देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धारक नगला की है। बताते हैं कि गांव निवासी राजकुमार शीशे का काम करता है। करीब दो साल पहले उसका विवाह हुआ था। उसके चाचा गिरीश कुमार विदेश में नौकरी करते हैं, उनका परिवार पड़ोस में ही रहता है। बताते हैं कि दीवाली के मौके पर पाकबड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गोकल नगला निवासी उसकी साली उसके घर आई थी। इस दौरान दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। कुछ दिन रहने के बाद वह वापस लौट गई। बताते हैं कि कई बार वह उससे मिलने उसके घर तक जाने लगा।

इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो वे विरोध पर उतर आए। कई बार समझाने के बाद भी दोनों ने मिलना-जुलना बंद नहीं किया। राजकुमार की मां कमलेश के अनुसार मंगलवार को अचानक वह गायब हो गया। फोन भी बंद कर दिया। परिजन अभी उसकी तलाश कर ही रहे थे कि देर रात युवती के परिजन भी उसके घर पहुंच गए। वे राजकुमार पर बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगा रहे थे।

इस बीच परिजनों की राजकुमार से बात हो गई। कुछ देर बाद वह युवती के साथ घर आ गया। दोनों की हालत खराब थी। उनके मुंह से झाग निकल रहे थे। पूछने पर दोनों ने जहर खाने की बात कही। यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से हालत खराब होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में मौजूद राजकुमार की मां कमलेश ने बताया कि युवती के परिजनों ने उसके बेटे के खिलाफ तहरीर दे दी है। जिस कारण वे अस्पताल भी नहीं आए हैं।

संबंधित समाचार