मुरादाबाद: ट्रेन की चपेट में आने से छात्र की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से इंटर के छात्र की मौत हो गई। वह बुधवार की शाम दोस्तों के साथ ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, इसके बाद वापस नहीं आया। देर रात पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि उसका शव सलेमपुर फाटक के पास रेलवे …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से इंटर के छात्र की मौत हो गई। वह बुधवार की शाम दोस्तों के साथ ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, इसके बाद वापस नहीं आया। देर रात पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि उसका शव सलेमपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा है। रोते-बिलखते वे मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम सिरकोई भूड कांशीरामनगर निवासी किसान अमर सिंह के तीन बेटे विनोद, पिंटू और सुनील थे। सबसे छोटा सुनील इंटर का छात्र था। परिजनों के अनुसार बुधवार की शाम करीब पांच बजे वह रोज की तरह ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके साथ कुछ दोस्त भी थे। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, जिस पर उन्हें चिंता हुई। काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं हुई। दोस्तों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
उधर देर रात पुलिस को सलेमपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा मिला। जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान सुनील के रूप में हुई। इस पर उन्होंने देर रात उसके परिजनों को सूचित किया, जिस पर परिजनों के होश उड़ गए और रोते-बिलखते वे मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में परिजन आत्महत्या करने की बात पर संदेह जता रहे हैं। उनका कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर तहरीर देंगे।
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
पाकबड़ा थाना क्षेत्र में हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस दौरान एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने शोर मचाया, लेकिन चालक तेजी से ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को भर्ती कराने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे लोधीपुर गांव के पास हाईवे पर बने कट पर हुआ। रामपुर के स्वार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी नाजिम अली (22) कबाड़ का काम करता था। कबाड़ खरीदने वह अक्सर रामपुर से बाहर भी जाता था। गुरुवार को दोस्त के साथ बाइक से पाकबड़ा की ओर आ रहा था। बताते हैं कि कट पर जैसे ही बाइक मोड़ने लगा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। इस दौरान वह और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने शोर मचाया तो चालक तेजी से ट्रक लेकर फरार हो गया। बताते हैं कि कुछ देर में नाजिम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
