बरेली: पंचायत चुनाव- संवेदनशील गांवों में पुलिस की सख्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में पंचायत चुनाव की वोटिंग में छह दिन का समय बचा है। चुनाव के दौरान कोई भी बवाल न हो, इसके लिए पुलिस आखिरी वक्त में लगातार सख्ती कर रही है। रोजाना पुलिस अधिकारी संवेदनशील गांवों में फोर्स के साथ भ्रमण कर रहे हैं। सभी क्षेत्राधिकारियों को भी अति संवेदनशील और …

बरेली, अमृत विचार। जिले में पंचायत चुनाव की वोटिंग में छह दिन का समय बचा है। चुनाव के दौरान कोई भी बवाल न हो, इसके लिए पुलिस आखिरी वक्त में लगातार सख्ती कर रही है। रोजाना पुलिस अधिकारी संवेदनशील गांवों में फोर्स के साथ भ्रमण कर रहे हैं। सभी क्षेत्राधिकारियों को भी अति संवेदनशील और संवेदनशील गांवों में जाकर फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए हैं। फोर्स लगातार गांवों में आचार संहिता को लेकर लोगों को जागरूक कर रही है। इसके अलावा खुराफातियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी की जा रही है।

जिलाधिकारी नितीश कुमार और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी गांवों में जाकर ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी और एसएसपी ने बिथरी चैनपुर ब्लॉक के पुरनापुर और बालीपुर के मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने वहां त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कोविड प्रोटोकॉल के साथ चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।

गुरुवार को क्षेत्राधिकारी नवाबगंज व थाना प्रभारी हाफिजगंज ने अर्द्धसैनिक बल और पुलिस फोर्स के साथ अतिसंवेदनशील ग्राम लभेड़ा, ग्राम भंडसर, ग्राम गजराजपुर, ग्राम चौखंडी, ग्राम हरहरपुर मटकली, ग्राम बकैनिया, ग्राम बढेपुरा, ग्राम हाफिजगंज, ग्राम अहमदाबाद में फ्लैग मार्च किया। बुधवार को एसपी सिटी रविंद्र कुमार ने पुलिस और पीएसी के साथ सुभाषनगर के अतिसंवेदशील गांव मिलक रौंधी, फरीदापुर, बिरिया नरायणपुर गांव में फ्लैग मार्च किया था।

मंगलवार को एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बिशारतगंज के अतिसंवेदशील गांव मझगंवा व अतरक्षेणी में गांव वालों के साथ मीटिंग कर आचार संहिता को लेकर निर्देश दिए थे। एडीजी जोन भी बहेड़ी के अतिसंवेदनशील गांव में भ्रमण कर चुके हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी कई गांवों का दौरा कर चुके हैं। एसएसपी ने सभी एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों को रोजाना दो-दो संवेदनशील गांवों के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार