दिल्ली: कोरोना के मरीजों का उपचार करते हुए 37 डॉक्टर संक्रमित, देश में 9 लाख के पार पहुंची संक्रमितों की संख्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कोविड-19 की मौजूदा लहर में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल (एसजीआरएच) में 37 डॉक्टर संक्रमित हो गए हैं और उनमें से पांच को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को इस बारे में बताया। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ हफ्ते में कोरोना वायरस के मामलों में तेज बढ़ोतरी हुई …

नई दिल्ली। कोविड-19 की मौजूदा लहर में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल (एसजीआरएच) में 37 डॉक्टर संक्रमित हो गए हैं और उनमें से पांच को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को इस बारे में बताया। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ हफ्ते में कोरोना वायरस के मामलों में तेज बढ़ोतरी हुई है और पहली बार 7,000 से ज्यादा मामले आए हैं। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि कोविड-19 महामारी की हालिया लहर में 37 डॉक्टरों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

निजी अस्पताल सर गंगा राम हॉस्पिटल के एक सूत्र ने बताया, ”अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों का उपचार करते हुए 37 डॉक्टर संक्रमित हुए हैं। इन डॉक्टरों में से अधिकतर में कोरोना के हल्के लक्षण मिले हैं। कुल 32 डॉक्टर पृथकवास में हैं और बाकी पांच को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।” पिछले एक साल से महामारी के दौरान सर गंगाराम अस्पताल ने कोविड-19 के उपचार में अग्रणी भूमिका निभायी है।

देश में कोरोना के सक्रिय मामले नौ लाख के पार
कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान 66,846 सक्रिय मामले बढ़ने से देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर नौ लाख के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरूवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार इस बीच देश में 1,26,789 नये मामले दर्ज किए गए।

इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 29 लाख 28 हजार 574 हो गयी है। वहीं इस दौरान 59,258 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,18,51,393 मरीज कोरोनामुक्त भी हो चुके हैं। सक्रिय मामले 66,846 बढ़कर 9,10,319 हो गये हैं। इसी अवधि में 685 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,66,862 हो गयी है।

देश में रिकवरी दर आंशिक घटकर 91.67 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 7.04 प्रतिशत हो गया है जबकि मृत्युदर घटकर 1.29 फीसदी रह गयी है। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 29,289 बढ़कर 5,02,982 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 30,296 और मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 2613627 पहुंच गयी है जबकि 322 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 56652 हो गया है।

संबंधित समाचार