बंगाल विधानसभा चुनाव: चौथे चरण में 44 सीटों के लिए मतदान जारी, 5 बजे तक 76.16 प्रतिशत मतदान
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 44 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि हावड़ा जिले में नौ सीटों, दक्षिण 24 परगना में 11, अलीपुरद्वार में पांच, कूचबिहार में नौ और हुगली में 10 सीटों पर कोविड-19 संबंधी नियमों …
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 44 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि हावड़ा जिले में नौ सीटों, दक्षिण 24 परगना में 11, अलीपुरद्वार में पांच, कूचबिहार में नौ और हुगली में 10 सीटों पर कोविड-19 संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करते हुए मतदान हो रहा है। बंगाल में चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे हिंसा और झड़प की घटनाएं भी तेज होती जा रही हैं।
शाम 5 बजे तक 76.16 प्रतिशत मतदान
पश्चिम बंगाल में चौथे चरण के मतदान में भी वोटरों में उत्साह दिखाई दिया। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम पांच बजे तक 76.16 प्रतिशत मतदान हुआ है।
3 बजे तक 66.76 प्रतिशत मतदान
चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 3 बजे तक 66.76 प्रतिशत मतदान हुआ है।
निर्वाचन आयोग ने सीतलकूची के मतदान केंद्र संख्या 126 में मतदान स्थगित करने का दिया आदेश
निर्वाचन आयोग ने हिंसा की खबरों के बीच पश्चिम बंगाल के सीतलकूची विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र संख्या 126 में मतदान स्थगित करने का शनिवार को आदेश दिया। आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि विशेष पर्यवेक्षकों की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला किया गया है। विशेष पर्यवेक्षकों और राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शाम पांच बजे तक विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है।
ममता ने अमित शाह का मांगा इस्तीफा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूच बिहार के सीतलकूची में केंद्रीय सुरक्षा बलों की गोलीबारी में चार लोगों के मारे जाने की घटना के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांगा है। बनर्जी ने उत्तर 24 परगना के बादुड़िया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह रैलियां करने के बाद कूच बिहार रवाना होंगी और उस स्थल का दौरा करेंगी, जहां केंद्रीय बलों ने मतदान के दौरान गोलीबारी की।
दोपहर 1 बजे तक 52.89 प्रतिशत मतदान
चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में दोपहर 1 बजे तक 52.89 प्रतिशत मतदान हुआ है।
तृणमूल ने चुनाव आयोग से मांगा स्पष्टीकरण
तृणमूल कांग्रेस ने कूचबिहार जिले के माथाभांगा में केन्द्रीय बलों की गोलीबारी से चार लोगों की मौत के मामले पर चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा है। पार्टी की राज्यसभा सांसद डोला सेन ने कहा कि हमें यह कहते हुए बेहद दुख हो रहा है कि केन्द्रीय बलों की गोलीबारी में माथाभांगा में चार लोग मारे गए और चार लोग घायल हुए हैं। हम यह भी कहना चाहते हैं कि केन्द्रीय बल अपराध कर रहे हैं और सभी हदों को पार कर रहे हैं। चुनाव आयोग को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
मोदी बोले कूचबिहार हिंसा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे निर्वाचन आयोग
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कूचबिहार जिले में शनिवार को चौथे चरण के मतदान के दौरान हुई हिंसा को ‘‘दुखद’’ बताया और इसमें मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए निर्वाचन आयोग से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया। यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन देख ‘‘वह बौखला गई हैं और इस स्तर पर उतर गई हैं’’।
सीआईएसएफ ने चलाई गोलियां, चार की मौत
पश्चिम बंगाल में कूचबिहार जिले के सीतलकूची में सीआईएसएफ ने अपने ऊपर हमले के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर गोलियां चलाई, जिसमें चार लोग मारे गए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
11 बजे तक 33.98 प्रतिशत मतदान
चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 11 बजे तक 33.98 फीसदी वोटिंग हुई है।
कूचबिहार में वोट डालने आए युवक की गोली मारकर हत्या
कूचबिहार जिले में एक मतदान केंद्र के बाहर अज्ञात लोगों ने शनिवार को पहली बार वोट डालने आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस हत्या के पीछे भाजपा है जबकि भगवा पार्टी ने दावा किया कि पीड़ित युवक मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट था और उसने इसके लिए राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी को जिम्मेदार ठहराया।
बीजेपी नेता की गाड़ी पर हमला
हुगली के चुंचुरा सीट से भाजपा की उम्मीदवार की गाड़ी पर स्थानीय लोगों ने हमला किया है। लॉकेट चटर्जी को हाथ में चोट लगी है। हमले का आरोप टीएमसी समर्थकों पर लगा है। इसके अलावा चुनाव को कवर कर रहे मीडिया की गाड़ियों का भी शीशा तोड़ा गया है।
नौ बजे तक 15.85 प्रतिशत मतदान
चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 9 बजे तक 15.85 फीसदी वोटिंग हुई है।
पीएम मोदी ने की रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत शनिवार को हो रहे मतदान में लोगों से रिकॉर्ड संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पश्चिम बंगाल में चौथे चरण का मतदान हो रहा है। मैं लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।
As the 4th phase of the West Bengal elections begin, urging the people voting today to do so in record numbers. I would especially request the youth and women to vote in large numbers.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 10, 2021
मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई। मतदान शाम साढ़े छह बजे तक चलेगा। इस चरण में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और राज्य के मंत्री पार्थ चटर्जी तथा अरुप बिस्वास समेत 373 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला 1.15 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे।
यह भी पढ़ें- कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करें वरना रैलियों पर लगेगा प्रतिबंध: ईसी
शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। 15,940 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 789 टुकड़ियां तैनात की गई है। सीपीएफ की सबसे अधिक 187 टुकड़ियों की तैनाती कूचबिहार में की गई है जहां चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर हमले समेत हिंसा की छिटपुट घटनाएं देखी गई।
केंद्रीय बलों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर राज्य पुलिस बल की भी तैनात की गई है। पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए आठ चरणों में चुनाव हो रहा है। मतगणना दो मई को होगी।
