बरेली: कोरोना का कहर- ट्रेन से महज 3 से 4 यात्री ही कर रहे सफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना का कहर एक बार फिर से बढ़ा तो लोगों में दोबारा लॉकडाउन होने का डर अब साफ दिखाई देने लगा है जिन ट्रेनों में एक दिन में सैकड़ों यात्री सफर करते थे, अब उन ट्रेनों में महज तीन से चार यात्री ही सफर कर रहे हैं। इससे साफ है कि लोगों …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना का कहर एक बार फिर से बढ़ा तो लोगों में दोबारा लॉकडाउन होने का डर अब साफ दिखाई देने लगा है जिन ट्रेनों में एक दिन में सैकड़ों यात्री सफर करते थे, अब उन ट्रेनों में महज तीन से चार यात्री ही सफर कर रहे हैं। इससे साफ है कि लोगों में अब फिर से लॉकडाउन का डर सताने लगा है।

बरेली जंक्शन से इन दिनों करीब 48 ट्रेनों का अवागमन हो रहा है। यह सभी वह ट्रेनें हैं जिनका ठहराव बरेली जंक्शन पर है। लॉकडाउन खुलने के बाद जब हालात सामान्य हुए तो ट्रेनों की भी संख्या बढ़ी मगर अब फिर से कोरोना संक्रमण फैलने की वजह से यात्रियों को दोबारा लॉकडाउन का डर सताने लगा है। हालात ये हैं कि बरेली से एक दिन में तीन से चार यात्री ही ट्रेन से सफर कर रहे हैं। जबकि बरेली आने वालों की संख्या एक दिन में 190 तक पहुंच चुकी है।

रिजर्वेशन करा रहे रद्द
हालात ये हो गए हैं कि लोग ट्रेन में कराए गए अपने आरक्षण को भी रद्द कराने लगे हैं। यह सिलसिला तब ज्यादा बढ़ा जब बरेली शहर में रात्रिकालीन कर्फ्यू शुरू हुआ। रात्रिकालीन कर्फ्यू के पहले दिन ही पूरे मुरादाबाद मंडल से 26 हजार से भी ज्यादा यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कराए थे, जिससे रेलवे को काफी घाटा झेलना पड़ रहा है।

बरेली से जाने वाले यात्रियों का आंकड़ा

ट्रेन नंबर बरेली से आरक्षण बरेली से गए

  • 02369 14 03
  • 02588 23 17
  • 05910 27 19
  • 02505 49 24
  • 05909 58 40

बरेली आने वाले यात्रियों का आंकड़ा

ट्रेन नंबर बरेली आने वाले यात्री

  • 04307 190
  • 02588 80
  • 02505 52
  • 05910 46
  • 05909 39
  • 02369 18
    नोट ::: यह सभी आंकड़े दोपहर दो बजे तक जंक्शन पहुंचने वाली ट्रेनों का ही है।

संक्रमण बढ़ने के बाद भी जंक्शन पर नहीं कोई सतर्कता
कोरोना का कहर तेजी से बढ़ने के बाद भी जंक्शन पर सतर्कता दिखाई नहीं दे रही है। शासन के आदेश के बाद भी रैंडम सैंपलिंग नहीं की जा रही है। हद तो इस बात की है कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी किसी कैंप का आयोजन जंक्शन पर नहीं किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से केवल एआरटीओ कार्यालय में हर दिन रैंडम सैम्पलिंग के लिए एक कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा न तो रेलवे और न ही रोडवेज पर किसी भी तरह की कोई रैंडम सैंपलिंग की जा रही है।

जंक्शन पर आने वाले यात्रियों में भी अधिकांश न तो मास्क लगाते हैं, न ही सेनेटाइजर साथ में लेकर चलते हैं। रेलवे की तरफ से टिकटों की जांच के लिए बैठाए गए टीटीई के लिए एक थर्मल स्कैनर जरूर दिया गया है, लेकिन उससे लोगों के शरीर का तापमान नहीं मापा जाता। साथ ही यह भी बता दें कि अन्य ट्रेनों से बरेली आने वाले लोगों को तो कोई रोक-टोक ही नहीं है। बिना तापमान जांचे ही उन्हें शहर में जाने की अनुमति दी जा रही है।

संबंधित समाचार