बरेली: कोरोना के खौफ से 700 वैवाहिक समारोह निरस्त
बरेली,अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर ने सहालग को चपेट में ले लिया है। संक्रमण के खौफ के बाद करीब 700 शादियां आयोजकों ने निरस्त करा दीं। साथ ही कई लोगों ने रात के बजाय दिन में आयोजन की बात कही है। आयोजनों की वजह से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका वेडिंग कारोबार से …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर ने सहालग को चपेट में ले लिया है। संक्रमण के खौफ के बाद करीब 700 शादियां आयोजकों ने निरस्त करा दीं। साथ ही कई लोगों ने रात के बजाय दिन में आयोजन की बात कही है। आयोजनों की वजह से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका वेडिंग कारोबार से जुड़े लोग जता रहे हैं।
22 अप्रैल से जुलाई तक करीब दस हजार शादियों के लिए होटल व बैंक्वेट हॉल में बुकिंग थी। बताया जा रहा है कि रात्रि कर्फ्यू लगने के बाद से जिले में अब तक करीब छोटे-बड़े 700 समारोह निरस्त किए जा चुके हैं। इससे कारोबारियों का लगभग 150 करोड़ रुपये भी फंस गया है। रात में होने वाली शादियों को दिन में तब्दील करने को लेकर पार्टियों ने बैंक्वेट हॉल स्वामियों से फोन पर संपर्क करना शुरू कर दिया है ताकि समारोह वाले दिन उनको किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम भी बदल रहे
जिले में फिलहाल 20 अप्रैल तक रात्रि कर्फ्यू लगा है लेकिन कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देख इसकी मियाद बढ़ने की उम्मीद है। डेलापीर निवासी मुकेश ने 25 अप्रैल को बेटी की शादी के लिए बैंक्वेट हॉल बुक किया था लेकिन अब उन्होंने रात का कार्यक्रम दिन में तय कर दिया है। पीलीभीत रोड के एक होटल में रोडवेज कर्मी मुकेश के बेटे की शादी होनी थी लेकिन उन्होंने दूसरे शहरों से आने वाले रिश्तेदारों के चलते शादी निरस्त करने का मन बना लिया है। इसी तरह कई लोगों ने रात की बुकिंग दिन में परिवर्तित कराई है।
कोविड नियमों का पालन कराएंगे बैंक्वेट हॉल संचालक
बैंक्वेट हॉल संचालक कहते हैं कि विवाह आयोजन में कोविड के सभी नियमों का पालन कराया जाएगा। 100 मेहमानों की उपस्थिति, सेनेटाइजेशन, मास्क अनिवार्य रहेगा। साथ ही डीजे नहीं बजेगा। शारीरिक दूरी का पालन कराया जाएगा। स्टेशन रोड स्थित एक होटल के प्रबंधक सतीश अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल कोरोना के चलते लॉकडाउन ने तगड़ा झटका दिया था। अब फिर से पुरानी स्थिति आ गई है। 22 अप्रैल से मई तक कई शुभ मुहूर्त थे लेकिन कोरोना और लॉकडाउन के खौफ से लोग समारोह निरस्त करने के लिए संपर्क साध रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों को करीब 100 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
टूर एंड ट्रेवल्स को भी तगड़ा झटका
कोरोना की दूसरी लहर ने वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े कारोबार के अलावा टूर एंड ट्रेवल को भी चपेट में ले लिया है। पिछले दस दिन में तेजी से बुकिंग निरस्त हुई हैं। गर्मी में लोगों ने नैनीताल, औली, गोवा के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग कराई थी। कुल्लू-मनाली समेत अन्य पर्यटक स्थलों पर जाने के लिए कार बुक की थी लेकिन कोरोना ने टूर एंड ट्रेवल के पहिये भी थाम दिये हैं। इस पेशे से जुड़े कारोबारी कई करोड़ का नुकसान होने की संभावना जता रहे हैं।
“इस सहालग में शहर में करीब 10 हजार शादियां होनी हैं, लेकिन कोरोना के चलते लोग अपनी बुकिंग निरस्त करा रहे हैं। इस कारोबार से जुड़े एक लाख लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट हो गया है। 100 से 125 करोड़ रुपये के नुकसान की संभावना भी है। रात्रि कर्फ्यू का समय बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।” -गोपेश अग्रवाल, बैंक्वेट हाल एसोसिएशन
