बरेली: सेटेलाइट पर तीसरा मानव पोल लगा, जल्द दौड़ेंगे फ्लाईओवर से वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। सेटेलाइट चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की अंतिम बाधा दूर होने के लिए मंगलवार को तीसरा मानव पोल लगाया गया। पुणे से मानव पोल आने के बाद ट्रांसमिशन विभाग ने हाईटेंशन लाइन हटाने का काम शुरू कर दिया है। तीसरा मानव पोल लगने के बाद जल्द ही एचटी लाइन को हटाने का काम शुरू …

बरेली,अमृत विचार। सेटेलाइट चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की अंतिम बाधा दूर होने के लिए मंगलवार को तीसरा मानव पोल लगाया गया। पुणे से मानव पोल आने के बाद ट्रांसमिशन विभाग ने हाईटेंशन लाइन हटाने का काम शुरू कर दिया है। तीसरा मानव पोल लगने के बाद जल्द ही एचटी लाइन को हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा, जिसके बाद ओबरब्रिज पर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। मानव पोल लगाने के दौरान पीलीभीत से आने वाले वाहनों को सेटलाइट बस अड्डे से पहले से सिंगल लेन पर डायवर्ट किया गया।

शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए शासन की तरफ से 2018 में सेटेलाइट चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी दी थी। बजट जारी होने के बाद सेतु निगम ने काम शुरू करा दिया। अक्टूबर, 2020 तक पुल निर्माण पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था। पुल निर्माण में शुरू से ही अड़चनें आती रहीं। शुरुआत में वन विभाग की आपत्ति के कारण काम रोका गया। उसके बाद बिजली पोल हटाने के लिए विद्युत निगम को करीब 68 लाख रुपये दिए गए। पोल हटने के बाद पुल के ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाईटेंशन लाइन के तार इसके निर्माण में बाधा बन रहे हैं। इसे हटाने के लिए ट्रांसमिशन विभाग ने 5.85 करोड़ रुपये का एस्टीमेट सेतु निगम को सौंपा है।

उसके बाद अभी पिछले दिनों ट्रांसमिशन विभाग ने लाइन को शिफ्ट करने के लिए पूणे से तीन मानव पोल मंगाए थे। कैंट क्षेत्र में दो मानव पोल पहले ही लगा दिए गए। उसके बाद अंतिम मानव पोल को लगाने का काम करीब एक सप्ताह से चल रहा था। सबसे पहले चौराहा पर पीलीभीत मोड़ पर फाउंडेशन तैयार किया गया। सोमवार रात से पोल लगाने का काम किया गया जो मंगलवार को लगाया जा सका। कुछ काम रह गया है, उसके बाद तीनों पोल पर लाइन शिफ्ट की जाएगी। लाइन शिफ्ट होने के बाद फ्लाईओवर का काम पूरा होने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।

मानव पोल लगाने के दौरान लगा जाम
सेटेलाइट चौराहा पर सोमवार रात को पोल लगाने के लिए रास्ते को बंद किया गया। रात में अधिक दिक्कत नहीं हुई लेकिन मंगलवार सुबह भी क्रेन व जेसीबी से पोल खड़ा किया। इसकी वजह से पीलीभीत से आने वाले वाहनों को सेटलाइट बस अड्डे से पहले से सिंगल लेन पर डायवर्ट किया गया। यही नहीं, सेटेलाइट बस अड्डे से भी जगह-जगह से बसें निकलीं तो जाम और अधिक बढ़ गया। चौराहा पर फ्लाईओवर के नीचे रास्ता रोककर पुताई का काम किया जा रहा था। इसकी वजह से वाहनों को मुड़ने में दिक्कत हो रही थी। इसकी वजह से शाहजहांपुर रोड, श्यामगंज रोड और पीलीभीत रोड पर वाहन जाम में फंस गए।

संबंधित समाचार