मुरादाबाद में लोगों को जाम से राहत दिलाने को बनेगी पार्किंग, कल जारी होगा टेंडर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में जाम की समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम एक और प्रयास करने जा रहा है। उसने शहर के छह स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया था, जिस पर शुक्रवार से व्यवस्था शुरू हो जाएगी। गुरुवार को टेंडर जारी होंगे और खुली बोली की प्रक्रिया अपनाते हुए इसकी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में जाम की समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम एक और प्रयास करने जा रहा है। उसने शहर के छह स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया था, जिस पर शुक्रवार से व्यवस्था शुरू हो जाएगी। गुरुवार को टेंडर जारी होंगे और खुली बोली की प्रक्रिया अपनाते हुए इसकी व्यवस्था सौंपी जाएगी।

पार्किंग स्थलों की कमी के कारण शहर में जाम एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। बाजार और मुख्य मार्गों पर यह स्थिति आए दिन देखी जाती थी। कई बार इससे निपटने के लिए निगम ने विभिन्न योजनाएं तैयार की, पर कोई ज्यादा सफलता नहीं मिली। एक बार फिर यही प्रयास किया गया और एक सर्वे कराकर पार्किंग के लिए स्थानों को चिन्हित किया गया। निगम के संपत्ति व कर विभाग की टीम ने जो सर्वे किया था उसमें बाजारों के साथ साथ हर मुख्य मार्ग पर स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया था।

नगर आयुक्त संजय चौहान की अध्यक्षता में इनमें से मधुबनी पार्क, पार्श्वनाथ प्लाजा, टाउनहाल दक्षिण चौराहा, पीलीकोठी, कंपनीबाग व पीएमएस स्कूल के सामने का स्थान चिन्हित कर लिया गया। इसको लेकर गुरुवार को टेंडर जारी होगा और फिर यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरके सोनकर के अनुसार खुली बोली के अनुसार टेंडर की प्रक्रिया होगी। जिसको टेंडर मिलेगा, उसे नियमानुसार इस व्यवस्था को आगे बढ़ेना होगा।

अवैध पार्किंग पर लगेगी नकेल
नगर निगम की पार्किंग न होने से अवैध पार्किंग के माफिया भी सक्रिय हो गए थे। उन्होंने कांठ रोड, दिल्ली रोड और रामपुर रोड पर बगैर किसी अनुमति के पार्किंग स्थल तैयार कर लिए। मनमानी वसूली भी हुई। इसकी शिकायत नगर निगम तक पहुंची, पर इन पर रोक नहीं लग सकी। नगर आयुक्त संजय चौहान का कहना है कि अवैध रूप से चल रही पार्किंग को पूरी तरह से बंद करा दिया जाएगा। इस तरह की शिकायत मिलती है तो कड़ी कार्रवाई होगी। जो पार्किंग नगर निगम द्वारा तय की जाएंगी, वही चलेंगी।

संबंधित समाचार