बरेली: फर्जी वोटिंग को लेकर क्यारा में हंगामा, पुलिस ने लोगों को खदेड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जिले में शांतिपूर्ण रूप से चल रहा मतदान शाम होते होते गरमा गया। फर्जी वोटिंग की शिकायत को लेकर बूथ पर हंगामा हो गया। इसके बाद पुलिस ने हंगामा रहे लोगों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। सूचना पर एसएसपी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। क्यारा के प्राथमिक विद्यालय मांझा में …

बरेली,अमृत विचार। जिले में शांतिपूर्ण रूप से चल रहा मतदान शाम होते होते गरमा गया। फर्जी वोटिंग की शिकायत को लेकर बूथ पर हंगामा हो गया। इसके बाद पुलिस ने हंगामा रहे लोगों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। सूचना पर एसएसपी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

क्यारा के प्राथमिक विद्यालय मांझा में सुबह से सही तरीके से मतदान चल रहा था। शाम 4 बजे के लगभग वहां पर कुछ लोग जुटे और वोट डालने पहुंचे तो पता चला कि उनका वोट कोई और डाल गया है। इस बात को लेकर वहां गहमा-गहमी हो गई। फिर हंगामा मच गया। जिन लोगों के नाम से वोट पड़ गया था। उन्होंने इसका विरोध करते हुए वोट डालने की जिद की। यह देखकर पुलिस ने पहले तो उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह लोग नहीं माने तो फिर पुलिस ने लाठियां फटकारकर उन्हें खदेड़ दिया।

इसकी सूचना पर एसएसपी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके साथ ही परगवां में भी फर्जी वोट डालने की शिकायत पर हंगामा हुआ था। जिसे वहां मौजूद लोगों ने शांत कराया दिया। क्यारा में वोट डालने गई महिला के पति का नाम गलत था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। बाद में लोगों ने समझाकर मामले को शांत कर दिया।

जिले में 16 और जोन में 17 हजार पुलिसकर्मी थे तैनात
चुनाव कराने के लिए जिले में 16 हजार पुलिसकर्मी तैनात थे। वहीं जोन में 17 हजार पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में मतदान कराया गया। इसके साथ ही सुबह से लेकर शाम तक एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी रवीद्र कुमार समेत सभी सीओ शाम तक मैदान में डटे रहे।

एडीजी और आईजी उतरे मैदान में
एडीजी अविनाश चंद्र और आईजी रमित शर्मा सुबह से ही मैदान में उतर गए। एडीजी फतेहगंज पश्चिमी के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा देखते हुए रामपुर के मतदान की सुरक्षा देखने पहुंचे। वहीं आईजी रमित शर्मा बिथरी समेत कई देहात के थानों में घूमकर चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था देखते रहे।

गांव में भी घूमकर पुलिस ने की बातचीत
पुलिस मतदान केंद्र के साथ साथ गांवों में घूमने निकली और घरों में मौजूद लोगों से उनके वहां पर रुकने का कारण पूछा। उन्होंने लोगों से पूछा कि किसी ने उनपर वोट न देने का दबाव तो नहीं बनाया है। यदि कोई उन्हें डरा धमका रहा हो तो वह उसे सारी बात बताए। इसपर लोगों ने धमकाने की बात से इनकार कर दिया। पुलिस को मतदान केंद्र के साथ साथ गांव में घूमकर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए थे।

“वोट डालने को लेकर क्यारा के मांझा में कुछ विवाद हुआ था। पुलिस ने भीड़ को वहां से हटा दिया। जिसके बाद मतदान फिर से शुरू हो गया था।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार