मुरादाबाद: 14 फीसदी घटी रिकवरी दर, बढ़ाएं प्रतिरोधक क्षमता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण से प्रभावित लोगों के मामले तेजी के साथ आए तो आंकड़ों के उछाल में भी तेजी आ गई। आंकड़े के मुकाबले रिकवरी रेट भी तेजी के साथ घट गया। रिकवरी रेट जहां फरवरी तक 98 फीसदी तक पहुंच गया था, उसमें अब 14 फीसदी की कमी आ गई है। स्वस्थ …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण से प्रभावित लोगों के मामले तेजी के साथ आए तो आंकड़ों के उछाल में भी तेजी आ गई। आंकड़े के मुकाबले रिकवरी रेट भी तेजी के साथ घट गया। रिकवरी रेट जहां फरवरी तक 98 फीसदी तक पहुंच गया था, उसमें अब 14 फीसदी की कमी आ गई है। स्वस्थ होने वालों की संख्या में आई इस गिरावट ने स्वास्थ्य विभाग को भी सकते में डाल दिया है। विशेषज्ञ लगातार प्रतिरोधक क्षमता को लेकर लोगों से सेहत का ख्याल रखने की अपील कर रहे हैं।

पिछले साल कोरोना महामारी के हालात का पहली बार लोगों ने सामना किया था। इस वजह से उनमें डर काफी था। जो हालात इस साल नजर आ रहे हैं, उसके मुकाबले पिछले साल के हालात कम डरावने थे। जिले में पिछले साल से अब तक संक्रमितों की संख्या 14330 हो चुकी है। जहां प्रतिदिन 50 से 100 की औसत से लोग इस वायरस की चपेट में आ रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर औसतन 350 तक पहुंच गई है।

नतीजा यह हुआ कि रिकवरी दर घट गई। प्रतिदिन स्वस्थ होने वालों के मुकाबले, संक्रमित होने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई। जिला डेटा प्रबंधक अंकित शर्मा के अनुसार अभी मरीजों को होम आइसोलेशन के अलावा महिला अस्पताल मेटरनिटी विंग के एलटू और टीएमयू के एलथ्री अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। सीएमओ डा. एमसी गर्ग बताते हैं कि प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होगी तो इस वायरस को मात देना आसान होता है।

ये उपाय बढ़ाएंगे प्रतिरोधक क्षमता, रखेंगे स्वस्थ

उपाय 1
जल्दी उठिए, पर पर्याप्त नींद के बाद
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में नियमित जीवनशैली की विशेष भूमिका होती है। गर्मी के दिनों में पर्याप्त नींद के साथ सुबह 5 से 6 बजे के बीच उठ जाना लाभकारी होता है। वरिष्ठ फिजीशियन डा. एनके मिश्रा के अनुसार कम नींद लेने से शरीर में कार्टिसोल नामक हार्मोन के स्तर में बढ़ोतरी होती है। इससे न केवल तनाव बढ़ता है, बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर होती है।

उपाय 2
धूप खाएं, कसरत या योग भी करें
कसरत या योग करना भी बहुत आवश्यक है। हल्के हाथों से शरीर की मालिश करेंगे तो और भी बेहतर रहेगा। सुबह में टहलना, मालिश और योग से शरीर में ऐसे एंजाइम्स और हार्मोन स्रावित होते हैं जो हमारी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर कोरोना वायरस जैसे फ्लू से भी बचाव करने में सहायक होते हैं।

उपाय 3
सुबह का नाश्ता अवश्य लें
रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मेटाबालिज्म का बहुत महत्व होता है। हमारा मेटाबालिज्म जितना अच्छा होगा, रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी उतनी ही बेहतर होगी। इसे बढ़ाने के लिए न केवल सुबह का नाश्ता लें, बल्कि चार-चार घंटे के अंतराल पर कुछ स्वस्थ्य खाना भी आवश्यक है।

उपाय 4
लहसुन, अदरक, खट्‌टे फल लाभकारी
लहसुन, अश्वगंधा और अदरक जैसी हर्ब्स में हमारी इम्युनिटी को बढ़ाने की क्षमता होती है। ये शरीर को संक्रमणों से लड़ने के लिए तैयार करती हैं। इनमें से सभी या किसी एक का भी अगर नियमित रूप से सेवन करेंगे तो संक्रमण होने की आशंका काफी हद तक कम हो जाएगी। रोज की डाइट में कुछ खट्‌टे फल भी अवश्य सम्मिलित करें।

उपाय 5
अधिक से अधिक पानी का करें सेवन
रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सबसे आसान तरीका है खूब पानी पिएं (किडनी रोगी ऐसा न करें)। जितना अधिक पानी पिएंगे, शरीर के टाक्सिन्स उतने ही बाहर निकलेंगे और आप संक्रमण से मुक्त रहेंगे। अगर आप रोज दिन में एक या दो बार शहद या तुलसी का पानी पीने की आदत डाल लेते हैं तो और भी बेहतर रहेगा।

संबंधित समाचार