बरेली: संक्रमित मरीज के परिजनों का निजी अस्पताल में हंगामा, तोड़फोड़
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमित मरीज को कोविड अस्पताल में रेफर करने को लेकर सनराईज अस्पताल में हंगामा हो गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ के बाद अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट की। पुलिस के पहुंचने से पहले हंगामा करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के बाद अन्य …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमित मरीज को कोविड अस्पताल में रेफर करने को लेकर सनराईज अस्पताल में हंगामा हो गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ के बाद अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट की। पुलिस के पहुंचने से पहले हंगामा करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के बाद अन्य मरीज भी दहशत में आ गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के सौ फुटा रोड पर स्थित सनराईज अस्पताल के डाक्टर डा.रेहान अहमद ने बताया कि मंगलवार शाम को उनके अस्पताल में फतेहगंज पश्चिमी के बल्लिया गांव निवासी प्रेम शंकर को भर्ती कराया गया। मरीज का कोरोना टेस्ट कराया गया तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसके बाद डाक्टरों ने उसे कोविड अस्पताल ले जाने को कहा। इस पर मरीज के परिजनों ने उन्हें कोविड अस्पताल ले जाने से इंकार कर दिया। वह जिद करने लगे कि उनके मरीज का इलाज इसी अस्पताल में किया जाए। अस्पताल प्रबंधन के कहने पर भी वह छुट्टी कराकर नहीं ले गए।
आरोप है कि ज्यादा कहने पर मरीज के साथ आए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अस्पताल के शीशे और मेडिकल स्टोर में जमकर तोड़फोड़ की। इससे अन्य मरीज दहशत में आ गए। कर्मचारियों ने तोड़फोड़ का विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट करने के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर इज्जतनगर पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
