अयोध्या: पति-पत्नी रात को निकले साथ, सुबह नदी किनारे मिली पति की लाश
अयोध्या। जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी सत्तीचौरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिरखौली के मजरे भवनियापुर निवासी शिव कुमार रावत और उसकी पत्नी मंजू रात में 9 बजे घर से खेत को गेहूं की मड़ाई के लिए निकले थे। सुबह शिव कुमार की लाश गांव के करीब तमसा नदी के किनारे पड़ी मिली। …
अयोध्या। जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी सत्तीचौरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिरखौली के मजरे भवनियापुर निवासी शिव कुमार रावत और उसकी पत्नी मंजू रात में 9 बजे घर से खेत को गेहूं की मड़ाई के लिए निकले थे। सुबह शिव कुमार की लाश गांव के करीब तमसा नदी के किनारे पड़ी मिली।
ग्रामीणों द्वारा सूचना देने पर शिव कुमार के भाइयों ने जाकर देखा तो शिव कुमार की लाश पर दोनों आंखों और सिर पर गम्भीर चोटें थी। गले में रस्सी बंधी मिली। इस दौरान मंजू रावत रहस्यमय ढंग से लापता रही। वह घर तब लौटी जब मौके पर पुलिस पहुंच गयी। मौके पर मौजूद दर्जनों ग्रामीणों ने एक स्वर से मंजू के चरित्र पर उंगली उठाते हुए बताया कि इसका संबंध तमसा उस पार स्थित जयराजपुर नामक गांव में रहने वाले एक युवक से था। इसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी में अक्सर मारपीट होती रहती थी।
ग्रामीणों ने मंजू पर आरोप लगाया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिल कर शिव कुमार हत्या करा दी। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे सतीचौरा चौकी प्रभारी डी एन राय ने लाश का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। मंजू को पुलिस अभिरक्षा में लेकर रौनाही थाना रवाना किया।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा असमंजस यह है कि मंजू के तीन छोटे छोटे लड़के हैं। सभी लड़के 9 वर्ष के भीतर के हैं। घर में उनकी देखरेख करने वाला कोई नहीं है। शिवकुमार के तीन और अन्य भाई हैं लेकिन सभी अलग रहते हैं। घटना के बारे में पूछने पर चौकी प्रभारी डी एन राय ने बताया कि मंजू से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की सही दिशा तय होगी।
