मुरादाबाद: जिला पंचायत सदस्य व प्रधान पद के प्रत्याशी सहित 11 पर रिपोर्ट, प्रचार वाहन को किया सीज
मुरादाबाद,अमृत विचार। पंचायत चुनाव का तीसरा चरण चरम पर पहुंच चुका है। 26 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि पुलिस-प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी प्रत्याशी आचार संहिता व रात्रिकालीन लाकडाउन की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। कहीं …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पंचायत चुनाव का तीसरा चरण चरम पर पहुंच चुका है। 26 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि पुलिस-प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी प्रत्याशी आचार संहिता व रात्रिकालीन लाकडाउन की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। कहीं वोटरों को लुभाने के लिए दावतों का दौर चल रहा है तो कहीं तमंचे के बल पर वोटरों को हड़काया भी जा रहा है। गाड़ियों में बिना अनुमति लाउडस्पीकर लगाकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
भगतपुर पुलिस ने बुधवार की रात उल्लंघन के तीन मामले पकड़े। जिला पंचायत सदस्य व प्रधान पद के प्रत्याशी सहित 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही एक प्रचार वाहन को सीज कर दिया गया। पुलिस ने प्रधान पद प्रत्याशी समेत छक का चालान कर दिया। वहीं तमंचा दिखाकर मतदाताओं को धमकाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
मतदान से पहले अधिकारी रोज थानों व गांवों में बैठकें कर प्रत्याशी व उनके समर्थकों को आचार संहिता का पाठ पढ़ा रहे हैं। मतदाताओं से भी अपील की जा रही है कि वे प्रलोभन में न फंसकर निष्पक्ष चुनाव कराने में सहयोग दें। इसके बाद भी न प्रत्याशी रवैया सुधार रहे हैं, न ही मतदाता। तमाम सख्ती के बाद भी जिले में खुलकर आचार संहिता के साथ ही रात्रिकालीन लाकडाउन के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।
उल्लंघन-1
वोटरों को लुभाने के लिए दे रहे थे दावत
भगतपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जुमा वाली मिलक में प्रधान पद के प्रत्याशी जुल्फिकार मतदाताओं को लुभाने के लिए दावत दे रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने दबिश दी। बताते हैं कि जिस वक्त पुलिस पहुंची, मतदाताओं को कोल्डड्रिंक पिलाई जा रही थी। पुलिस को देख वहां मौजूद लोग फरार हो गए। पुलिस ने मौके से कोल्ड ड्रिंक की 34 बोतलें व गिलास बरामद कर लिए। इस मामले में भगतपुर थाने में प्रत्याशी के अलावा जाहिद, शहादत, फारूख, मोहम्मद उमर व शफीक के खिलाफ आपदा प्रबंधन व महामारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
उल्लंघन-2
तमंचा दिखाकर वोटरों को हड़काया
उल्लंघन का दूसरा मामला भी भगतपुर थाना क्षेत्र का ही है। यहां के ग्राम बुढ़नपुर अलीगंज के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि गांव निवासी वाहिद मतदाताओं को तमंचा दिखाकर धमका रहा है। ऐसा कर वह उन पर अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने को दबाव बना रहा है। साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि वाहिद के खिलाफ काशीपुर में हत्या का मामला भी दर्ज है, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। वर्तमान में वह हाईकोर्ट के आदेश पर जमानत पर चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव में दबिश देकर वाहिद को मय तमंचे के दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
उल्लंघन-3
बिना अनुमति लाउड स्पीकर लगा कर रहे थे प्रचार
उल्लंघन का तीसरा मामला भी भगतपुर थाना क्षेत्र का ही है। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जाहिदपुर सीकमपुर निवासी इरशाद हुसैन जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी हैं। क्षेत्र में उनके समर्थक कई गाड़ियों से चुनाव-प्रचार कर रहे हैं। कुछ वाहनों में प्रशासन से अनुमति लिए बगैर ही लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार किया जा रहा है। इस पर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक गाड़ी को रोक लिया। अनुमति न होने के कारण उसे सीज कर दिया गया। प्रत्याशी इरशाद हुसैन के अलावा नासिर, रिजवान व भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलसाना निवासी मोहम्मद नईम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उल्लंघन-4
मिठाई बांटते प्रधान पद प्रत्याशी के पति को दबोचा
उल्लंघन का चौथा मामला पाकबड़ा थान क्षेत्र के ग्राम करनपुर का है। गांव निवासी चमन सिंह की पत्नी राजेंद्री प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। पाकबड़ा पुलिस को सूचना मिली कि चमन सिंह आधा-आधा किलो रसगुल्ले मतदाताओं को बांट रहा है। इस पर ग्रोथ चौकी सेंटर प्रभारी सत्येंद्र कुमार शर्मा ने मौके पर दबिश दी। उन्होंने प्रत्याशी पति चमन सिंह को आधा-आधा किलो के 55 डिब्बों के साथ हिरासत में ले लिया। पुलिस उसे मय मिठाई थाने ले गई।
