बरेली में कोरोना के प्रहार से हाहाकार, 950 नए संक्रमित, 9 की मौत
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की वजह से शहर के हालात ज्यादा खराब हो रहे हैं। संक्रमण से लोग बचाव नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से संक्रमण फैल रहा है और लोग उसकी चपेट में आ रहे हैं। सात दिन से संक्रमितों की जो संख्या सामने आ रही है। वह चौंकाने वाली है। संकमण से …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की वजह से शहर के हालात ज्यादा खराब हो रहे हैं। संक्रमण से लोग बचाव नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से संक्रमण फैल रहा है और लोग उसकी चपेट में आ रहे हैं। सात दिन से संक्रमितों की जो संख्या सामने आ रही है। वह चौंकाने वाली है। संकमण से मरने वालों की संख्या देखकर भी लोग बचाव नहीं कर रहे हैं। यही वजह है कि शुक्रवार को 3503 लोगों की जांच की गई। जिसमें 950 संक्रमित निकले।
गुरुवार को सरकारी रिकार्ड के अनुसार संक्रमण से 12 मौतें हुईं। इसी तरह शुक्रवार को नौ मौतें दिखाई हैं लेकिन शहर के श्मशान स्थलों पर संक्रमण से मरने वाले 30 शवों की अंत्येष्टि कोविड नियमों के तहत कराई गई। इससे माना जा रहा है कि संक्रमण से मरने वालों की संख्या काफी बढ़ गई है। प्रशासन बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर और उत्तराखंड के मरने वालों की संख्या यहां के रिकार्ड में गिन नहीं रहा है। इसलिए सरकारी रिकार्ड में संक्रमण से मरने वालों की संख्या कम दिखाई जा रही है।
इससे पहले गुरुवार को 1121 से अधिक संक्रमित मिले थे। कई दिनों से लगातार 800 से अधिक संक्रमित निकलने से प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में खलबली मची है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार से लग रहा है कि बरेली के हालात भयावह होने वाले हैं। लापरवाही संक्रमण को फैला रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बताते हैं कि कुछ लोगों की अभी रिपोर्ट अपडेट नहीं हुई है।
संक्रमितों में जिला जेल के नौ लोग, बंसत विहार निवासी एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत अन्य में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, जिला गाइड के पद पर तैनात कंचन कन्नौजिया की तबीयत बिगड़ने पर परिजन 300 बेड अस्पताल लाए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही की कोरोना से मौत हुई। फालोअर के पत्नी की मौत हुई है। उनका इलाज कोविड एल-3 अस्पताल में चल रहा था।
एक शिक्षिका और हार्टमैन के एक शिक्षक की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। निजी अस्पताल में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। सीडीओ का ड्राइवर खुर्शीद अहमद भी बीते दिनों कोरोना संक्रमित निकले थे। जिनका इलाज कोविड एल-3 अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार 24 घंटे के अंदर शाहदाना कालोनी, पुराना शहर, तुलसी नगर, सीएचसी कुआडांडा, आशीष रॉयल पार्क, नेकपुर, शांति विहार, सिद्धार्थ नगर कालीबाड़ी, सुभाषनगर, राजीव नगर, अशोक विहार, मोहल्ला साहुकारा, फरीदपुर, एसडीएम कॉलोनी, परा मोहल्ला, महानगर, फरुकपुर, कानून गोयान, रेलवे कालोनी, जिगनिया, नकटिया, गणेश नगर, मिर्धान मोहल्ला, भूड़, पीलीभीत बाईपास, प्रेमनगर, देव विहार, सिंधु नगर, रहपुरा चौधरी, कैंट, गोल्डन ग्रीन पार्क, आईवीआरआई, नकटिया, रेलवे आफिस, करगैना, कोहाड़ापीर, रेलवे कालोनी, साकेत कालोनी, बेनीपुर में पॉजिटिव केस मिले हैं।
वहीं कन्हैया टोला, सैनिक कालोनी, स्वास्तिक कालोनी, राजेंद्र नगर, एकता नगर, गांधीपुरम, आवास विकास, कटरा चांद खां, सिविल लाइंस, शेखर आजाद कालोनी, दोहरा रोड, साउथ सिटी, केशवपुरम, माधवपुरम, रिछौला, रामचंद्रपुरम, राधाकृष्ण नगर, हॉस्टल, इज्जतनगर, ग्रेटर ग्रीन पार्क, सुजतपुर, मुंशीनगर, श्यामगंज, अशरफ खां छावनी, आंवला इफको, ब्रहमपुरा, शास्त्री नगर, गौतम बुद्ध नगर, कौशांबी इंक्लेव, पचौमी, रोहिली टोला, मोहल्ला बकसरिया, छोटी बमनपुरी, कर्मचारी नगर, कानून गोयान, शक्ति नगर, गणेश नगर, मढ़ीनाथ समेत अन्य जगह संक्रमित निकले हैं।
टेस्टिंग कैंप में सफाई नायक सहित कई कर्मचारी निकले संक्रमित
राजेंद्रनगर में कोरोना टेस्टिंग कैंप में जांच के दौरान एक सफाई नायक सहित पांच सफाई कर्मचारियों के संक्रमित निकलने के बाद हड़कंप मच गया है। कोरोना योद्धा बने बड़ी संख्या में अन्य सफाई कर्मचारियों के भी कोरोना पॉजिटिव होने की आशंका के चलते नगर निगम प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन ने सभी सफाई व खाद्य निरीक्षकों को यह निर्देश जारी कर दिए हैं कि कोराना वैक्सीन न लगवाने वाले सफाई कर्मचारियों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी गई है। साथ ही सफाई कर्मचारियों को डबल मास्क लगाकर सैनिटाइजेशन, सफाई सहित दूसरे काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
427 लोगों ने जीती कोरोना से जंग
कोविड अस्पताल व होम आइसोलेशन में रह रहे 427 संक्रमितों ने शुक्रवार को कोरोना से जंग जीत ली है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम ने बताया कि जिले में संक्रमण दर बढ़ने के साथ-साथ रिकवरी दर में भी बढ़ोत्तरी हो रही है, जो जिले के लिए अच्छे संकेत हैं।
