मुरादाबाद : वीकेंड लाकडाउन में सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा, घरों में कैद रहे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए वीकेंड लाकडाउन एक बार फिर कारगार साबित हुआ। कोरोना के भय के कारण शनिवार को महानगर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। खास बात यह रही कि चुनावी व्यस्तता के कारण खाकी सड़कों पर नजर नहीं आई और महानगर वासियों ने सड़क से दूरी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए वीकेंड लाकडाउन एक बार फिर कारगार साबित हुआ। कोरोना के भय के कारण शनिवार को महानगर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। खास बात यह रही कि चुनावी व्यस्तता के कारण खाकी सड़कों पर नजर नहीं आई और महानगर वासियों ने सड़क से दूरी बना ली।

शनिवार को दिन निकलने के साथ ही महानगर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। महानगर की वह सड़कें व बाजारें, जहां पर देर रात तक चहलकदमी नजर आती थी, शनिवार को वहां दूर-दूर तक सन्नाटा था। बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक की दुकानें भी पूरी तरह से बंद रहीं। केवल जरूरतमंद लोग सड़कों पर नजर आएं। हालांकि शहर के अंदर के कुछ मोहल्लों में अफसरों ने शनिवार को सख्ती दिखाई। जिसकी वजह थी लोग बेवजह सड़कों पर घूम रहे थे।

कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर देश की अर्थव्यवस्था को चौपट करने के साथ ही लोगों की जान लेनी शुरू कर दी है। यह संक्रमण इस बार काफी खतरनाक साबित हो रहा है। यही वजह है कि शुक्रवार को मुरादाबाद जिले में 17 सौ से अधिक लोग संक्रमित निकले। मोक्षधामों का आलम यह है कि शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए आने वाले लोगों को 50 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। यही वजह है कि पहले रात्रि कर्फ्यू फिर वीकेंड लाकडाउन के आदेश शासन ने कर दिए। शासन ने शुक्रवार की रात आठ बजे से सोमवार की सुबह छह बजे तक वीकेंड लाकडाउन लगाने के आदेश कर दिए हैं।

शुक्रवार की रात से पसरा सन्नाटा शनिवार को भी आया नजर
शासन के इस आदेश के बाद शुक्रवार की रात आठ बजे से पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया था। घूम-घूमकर पुलिस वालों ने वीकेंड लाकडाउन के दौरान दुकानें बंद करने की अपील की थी। शुक्रवार की रात से पसरा सन्नाटा शनिवार को भी दिन भर देखने को मिला। करीब एक सप्ताह पहले लगे लाकडाउन की तरह इस बार भी महानगर वासियों ने पुलिस प्रशासन का काफी हद तक सहयोग किया। लोगों ने खुद ही लाकडाउन में घर में रहना मुनासिब समझा। यही वजह रही कांठ व दिल्ली रोड, जहां पर हर वक्त वाहनों की भागमभाग नजर आती थी, वहां पर शनिवार की सुबह से ही सन्नाटा पसरा था। इसके अलावा गंज, मंडी चौक, अमरोहा गेट, चौमुखा पुल, टाउन हाल, बुध बाजार, ताड़ीखाना, गुरहट्टी, जीएमडी रोड, कटरानाज और मानपुर समेत सभी बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। यह वह बाजारें हैं जहां पर दिन निकलने के साथ ही लोग खरीददारी के लिए आने लगते हैं।

महानगर वासियों ने कम कर दी पुलिस-प्रशासन की मुश्किलें
वीकेंड लाकडाउन में काफी हद तक महानगर वासियों ने पुलिस-प्रशासन की मुश्किलें काफी कम कर दी। बताते चलें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के कारण अधिकतर पुलिस कर्मी व्यस्त है। जिस कारण सड़कों व चौराहों पर नाममात्र के पुलिस कर्मी ड्यूटी करते नजर आए। ऐसे हालातों में महानगर वासियों ने काफी हद तक घरों में रहकर पुलिस-प्रशासन की मुश्किलें कम कर दी।

 

संबंधित समाचार