बरेली: बेकाबू कोरोना ने छीनीं रिकॉर्ड 14 जिंदगियां, 1168 नए संक्रमित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की रफ्तार पहले से कई गुना बढ़ गई है। इससे संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। 24 घंटे में संक्रमण ने 14 और लोगों की जिंदगी छीन ली। इसमें मृतकों में शहर के दो बड़े कारोबारी और जीवी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्याववरण संस्थान कोसी कटारमल अल्मोड़ा के निदेशक भी शामिल …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की रफ्तार पहले से कई गुना बढ़ गई है। इससे संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। 24 घंटे में संक्रमण ने 14 और लोगों की जिंदगी छीन ली। इसमें मृतकों में शहर के दो बड़े कारोबारी और जीवी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्याववरण संस्थान कोसी कटारमल अल्मोड़ा के निदेशक भी शामिल हैं। सभी का कोविड अस्पतालों में कोरोना का इलाज चल रहा था। वहीं शनिवार को जिले में 1168 नए संक्रमित मिले हैं।

एक हजार की संख्या कई दिनों से बरकरार रहने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में खलबली मची है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बताते हैं कि कुछ लोगों की रिपोर्ट अपडेट नहीं हुई है। अधिकारियों के अनुसार साड़ी कारोबारी महेंद्र अग्रवाल को कुछ दिन पहले बुखार आया था। जांच में संक्रमित मिले थे। इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फरीदपुर में कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर मां-बेटे की मौत हो गई।

300 बेड अस्पताल में शनिवार को दो मौतें हुई। मनोज अग्रवाल कोरोना से संक्रमित थे। इलाज के दौरान शनिवार को दम तोड़ दिया। बिजली विभाग महानगर एसडीओ सत्यार्थ गंगवार के ससुर कोरोना से संक्रमित थे। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी तरह रिठौरा के मोहल्ला जवाहर नगर की 28 वर्षीय पिंकी शर्मा पत्नी संतोष शर्मा शनिवार को ही जांच में संक्रमित आई थी। एक निजी मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।

वहीं, दुनका की 65 वर्षीय वृद्वा शनिवार को ही जांच में संक्रमित पाई गई थी। इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। शहर के हेमंत जोशी कोरोना से संक्रमित थे। उनकी भी मौत हो गई। वह एक निजी यूनिवर्सिटी में कार्यरत थे। बड़ा बाजार के कपड़ा कारोबारी विनय अग्रवाल, जीवी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्याववरण संस्थान कोसी कटारमल अल्मोड़ा के निदेशक डा. आरएस अग्रवाल और एक शिक्षक की कोरोना से मौत हो गई।

476 लोगों ने जीती कोरोना से जंग, रिकवरी दर बढ़ी
कोविड अस्पताल व होम आइसोलेशन में रह रहे 476 संक्रमितों ने शुक्रवार को कोरोना से जंग जीती है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम ने बताया कि जिले में संक्रमण दर बढ़ने के साथ ही रिकवरी दर में भी पहले से बढ़ोतरी हो रही है। बता दें कि वर्तमान में होम आइसोलेशन में 6885 संक्रमित व कोविड अस्पतालों में 1129 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। वहीं, एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 8014 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक जिले में 180 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वास्तविकता में ये आंकड़ा बहुत अधिक है। इस आंकड़े ने अधिकारियों को बेचैन कर रखा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न जगहों पर लगाए जांच शिविर में 3814 लोगों की जांच की गई।

संबंधित समाचार