बरेली: दिल्ली में लॉकडाउन बढ़ने के बाद फ्लाइट की सभी सीटें फुल
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए दिल्ली में एक सप्ताह यानी तीन मई तक लॉक डाउन और बढ़ा दिया गया है। इससे दिल्ली से बरेली आने वाली फ्लाइट में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। फ्लाइट की सभी सीटें फुल हो गईं। हालांकि, बरेली से दिल्ली जाने वाले यात्रियों …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए दिल्ली में एक सप्ताह यानी तीन मई तक लॉक डाउन और बढ़ा दिया गया है। इससे दिल्ली से बरेली आने वाली फ्लाइट में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। फ्लाइट की सभी सीटें फुल हो गईं। हालांकि, बरेली से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या अभी कम है।
कोरोना के बढ़ते मामले व दिल्ली में लॉक डाउन लगने के बाद एलायंस एयर के अफसर यात्रियों के न मिलने पर होने वाले घाटे से घबराए हुए थे। उन्हें डर था कि यात्री न होने पर फ्लाइट के संचालन में दिक्कत आ सकती है। एलायंस एयर के अफसरों के मुताबिक दिल्ली में पहले एक सप्ताह का लॉकडाउन लगा। इसके बाद ही अचानक यात्रियों की संख्या में इजाफा हो गया।
लॉकडाउन से पहले 55 से 60 यात्री दिल्ली से आ रहे थे लेकिन वर्तमान में सभी 72 सीटें भर जा रही हैं। दिल्ली में अब तीन मई की सुबह तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। इस कारण दिल्ली में बरेली मंडल के जिलों के रह रहे लोग घर आ रहे हैं। वे ट्रेन की अपेक्षा फ्लाइट से घर आना ज्यादा सुरक्षित समझ रहे हैं। अफसरों के मुताबिक, बरेली से दिल्ली जाने वालों की संख्या अभी कम है। करीब 25 से 45 के आसपास ही यात्री बरेली से दिल्ली के लिए फ्लाइट से जा रहे हैं।
सप्ताह में चार दिन है फ्लाइट
एलायंस एयर इस वक्त सप्ताह में चार दिन फ्लाइट का संचालन कर रहा है। सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को बरेली से दिल्ली व दिल्ली से बरेली के लिए फ्लाइट मिलती है। यात्रियों की संख्या ठीकठाक होने के बाद कंपनी के अधिकारी सप्ताह के बचे दिन में भी फ्लाइट चलाने पर विचार कर रहे हैं।
लॉकडाउन की वजह से बेंगलुरू व मुंबई की फ्लाइट लटकी
मुंबई और बेंगलुरू के लिए 29 अप्रैल से इंडिगो फ्लाइट शुरू करने वाली थी लेकिन मुंबई में लगे लॉकडाउन की वजह से कंपनी के अधिकारियों ने इस रूट पर फिलहाल नियत तिथि पर फ्लाइट संचालन से इंकार कर दिया है। कोरोना से बने हालात सामान्य होने के बाद कंपनी बरेली एयरपोर्ट का फिर दौरा करेगी। इसके बाद तारीख फाइनल हो सकती है। इस संबंध में एयरपोर्ट डायरेक्टर राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कंपनी के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं। शेड्यूल फाइनल होते ही जारी किया जाएगा।
