अयोध्या: महिला अस्पताल में 28 बेड पर होगा कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने जिला महिला चिकित्सालय अयोध्या में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों को भर्ती किए जाने हेतु की जा रही व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय को 28 शैय्या हेतु कोविड-19 के इलाज संबंधी समस्त तैयारियों को पूर्ण कर आज से …

अयोध्या। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने जिला महिला चिकित्सालय अयोध्या में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों को भर्ती किए जाने हेतु की जा रही व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय को 28 शैय्या हेतु कोविड-19 के इलाज संबंधी समस्त तैयारियों को पूर्ण कर आज से कोविड-19 से संक्रमित साधारण लक्षण वाले मरीजों (जिनको वेंटिलेटर की आवश्यकता न हो) को भर्ती करना आरम्भ कर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने मरीजों हेतु गुणवत्तापरक भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकों के रहने व भोजन आदि की व्यवस्था हेतु भी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में कोविड-19 के इलाज संबंधी समस्त उपकरणों एवं पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया।

नगर निगम को चिकित्सालय के बाहर नियमित सैनिटाइजेशन कराने कराने के भी निर्देश दिए उन्होंने चिकित्सालय की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में उक्त बेडों के अतिरिक्त अन्य बेडों पर इलाज प्रारंभ करने हेतु वार्डों में चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर वहां पर भी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि चिकित्सालय में कोविड-19 से संक्रमित साधारण लक्षण वाले मरीजों हेतु 28 बेड की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है जिन पर भर्ती का कार्य जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार आरंभ कर दिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ घनश्याम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मरीजों की बढ़ती संख्या से धराशाई जिला अस्पताल की व्यवस्था
जिला अस्पताल में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या से यहां की व्यवस्था पूरी धराशाई हो गई है। एक तरफ जहां मरीजों के तीमारदार दया विनती करके अपने मरीजों के लिए ऑक्सीजन की मांग कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ बहुत से मरीजों को व्यक्तिगत रूप से उनके परिजन ऑक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं।

जिला चिकित्सालय की व्यवस्था इस तरह चरमराई हुई है कि गंभीर मरीजों को भी लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्हें 10-10 मिनट देने के बाद क्रमवार दूसरे मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. चंद्रभूषण मणि त्रिपाठी का कहना है कि चिकित्सालय में ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में है लेकिन इन दिनों बढ़ते संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए सभी को एक साथ ऑक्सीजन देना संभव नहीं हो पा रहा है जिसके चलते क्रमवार 10-10 मिनट के बाद बदल बदल कर मरीजों को ऑक्सीजन दिया जा रहा है जिससे उनकी जान बचाई जा सके।

संबंधित समाचार