बरेली: गैस एजेंसी पर ऑक्सीजन गैस खत्म, तीमारदारों का हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की जिंदगी बचाने के लिए उनके तीमारदारों को सिलेंडर में ऑक्सीजन गैस रिफिल कराने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। शहर की तीन गैस एजेंसियों पर होम आइसोलेशन वाले मरीजों के तीमारदारों को डॉक्टर की पर्ची और मरीज का आधार कार्ड देखकर सिलेंडर भरा जा …

बरेली, अमृत विचार। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की जिंदगी बचाने के लिए उनके तीमारदारों को सिलेंडर में ऑक्सीजन गैस रिफिल कराने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। शहर की तीन गैस एजेंसियों पर होम आइसोलेशन वाले मरीजों के तीमारदारों को डॉक्टर की पर्ची और मरीज का आधार कार्ड देखकर सिलेंडर भरा जा रहा है लेकिन शनिवार को मालियों की पुलिया के पास एजेंसी पर गैस खत्म हो गई। इससे सुबह से ऑक्सीजन गैस के इंतजार में बैठे लोगों का धैर्य जवाब दे गया।

कुछ तीमारदार हताश होकर लौट गए तो कुछ ने काफी देर तक हंगामा काटा। तीमारदार बोले, एजेंसी के शटर पर ताले लटके देखकर उन्हें मायूसी हुई। तीमारदारों ने प्रशासन की अव्यवस्था पर नाराजगी भी जताई। गैस एजेंसी की ओर से दीवार पर एक नोटिस भी चस्पा किया गया जिसमें लिखा कि ‘होम आइसोलेशन वाले अपना खाली सिलेंडर लेकर परसाखेड़ा स्थित वीएन इंडस्ट्रीज दोपहर 2.30 बजे तक पहुंच जाएं, उन्हें ऑक्सीजन गैस मिल जाएगी’।

यह देखने के बाद काफी तीमारदार एजेंसी द्वारा बताई जगह पर भी पहुंचे, लेकिन वहां ज्यादा भीड़ होने की वजह से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। दूसरी तरफ गैस एजेंसी के संचालक संचित अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को फरीदपुर प्लांट पर गैस की कमी होने की वजह से हमारे पास ऑक्सीजन गैस की केवल एक ही गाड़ी आई थी। जिसका वितरण सुबह ही करीब 70 से ज्यादा लोगों को कर दिया था। ज्यादातर शाम के समय प्लांट से आने वाले भरे सिलेंडर हमें नहीं मिल सके।

इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी भी उठानी पड़ी। साथ ही एजेंसी के संचालक ने यह भी बताया कि रविवार की सुबह ऑक्सीजन एजेंसी पर आने की उम्मीद है। होम आइसोलेशन वाले तीमारदार सुबह गैस ले सकते हैं। जिनके मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें डॉक्टर से पर्चा लिखवाकर लाना होगा।’

तीमारदारों की परेशानी-

विजय कुमार
मैं सुबह से कोशिश कर रहा हूं लेकिन ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। मेरी भाभी अस्पताल में भर्ती हैं, डॉक्टर द्वारा पर्चे पर लिखवाकर भी लाया हूं फिर भी एजेंसी वाले ऑक्सीजन गैस देने से मना कर रहे हैं।

राशिद
ऑक्सीजन सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसी पर भी सुबह से भटक रहे हैं, लेकिन नहीं मिल पा रही है। परसा खेड़ा गए तो वहां से भी डांटकर भगा दिया गया। पुलिस भी वहां लोगों को भगा रही है।

जुबैर खां
मेरी चाची हालत ठीक नहीं है, उन्हें ऑक्सीजन गैस की जरूरत है। दोपहर से गैस एजेंसी के बाहर खड़े हुए हैं, इस इंतजार में कि एजेंसी खुलने पर गैस मिल जाए, लेकिन एजेंसी मालिकों के फोन नंबर भी बंद आ रहे हैं।

मो. सोहेल कुरैशी
दोपहर को जब यहां पहुंचे तो ऑक्सीजन गैस न होने की बात मालूम पड़ी। शाम को भी यहां ताले पड़े हुए हैं। इस्लामियां के पास स्थित गैस एजेंसी पर बताया कि केवल अस्पताल में भर्ती लोगों के लिए ही गैस दी जा रही है।

प्रमोद
मढ़ीनाथ के निवासी प्रमोद बताते हैं कि वह दो दिन से गैस एजेंसी पर आ रहे हैं लेकिन एक बार भी गैस नहीं मिल पाई है। अस्पताल में बेड न मिलने की वजह से मरीज को घर पर ही रखा है।

संबंधित समाचार