बरेली: …तो इस कारण अटका है चौपुला पुल का निर्माण, जानें इसकी वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चौपुला पुल व सड़क का निर्माण मजदूरों के न होने से अटक गया है। ज्यादातर मजदूर मतदान के लिए घर जाने की बात कहकर गए थे लेकिन लौटे नहीं। निर्माण न होने से राहगीरों को जर्जर सड़क से निकलने में परेशानी हो रही है। जिम्मेदार अफसर जल्द ही निर्माण पूरा कराने का …

बरेली, अमृत विचार। चौपुला पुल व सड़क का निर्माण मजदूरों के न होने से अटक गया है। ज्यादातर मजदूर मतदान के लिए घर जाने की बात कहकर गए थे लेकिन लौटे नहीं। निर्माण न होने से राहगीरों को जर्जर सड़क से निकलने में परेशानी हो रही है। जिम्मेदार अफसर जल्द ही निर्माण पूरा कराने का दावा कर रहे हैं।

पुल निर्माण की वजह से चौपुला पर सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। यहां से चौकी चौराहे, किला, पटेल चौक, कुतुबखाना व शहर के अन्य इलाकों के साथ दिल्ली, आगरा, मथुरा, बदायूं आदि स्थानों के लिए वाहनों का आवागमन होता है। काफी समय से इस सड़क के खराब होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। कुछ दिन पहले सड़क को बनाने का काम शुरू किया गया था। पत्थर व बजरी डलवाई गई। इस बीच सड़क व फ्लाईओवर के काम में जुटे मजदूर मतदान के लिए अपने घरों को चले गए जो अभी तक लौटे नहीं हैं।

वर्तमान में पुल और इसके नीचे की सड़क निर्माण का काम पूरी तरह बंद है। स्थिति यह है कि कुछ दिन पहले डाले गए पत्थर व बजरी भी उखड़ने लगी है। सड़क पर गहरे गड्ढे भी हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मजदूरों की कमी की वजह से काम में देरी हो रही है। वह जल्द ही चौपुला फ्लाईओवर के नीचे सड़क का काम शुरू करवाने का प्रयास करेंगे।

“सड़क के काम में जुटे ज्यादातर मजदूर मतदान के बाद वापस नहीं लौटे हैं। जिसके चलते काम में देरी हो रही है। हम जल्द ही मजदूरों की व्यवस्था कर सड़क का काम पूरा करने का प्रयास करेंगे।” -वीके सिंह, डीपीएम, सेतु निगम

संबंधित समाचार