बरेली: पीडब्ल्यूडी में कोरोना से एक्सईएन सहित दो इंजीनियरों मौत से दहशत
बरेली, अमृत विचार। पीडब्ल्यूडी में एक अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता की कोरोना से मौत इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। विभाग के कई और इंजीनियर और स्टाफ या तो संक्रमित हैं या उसकी तबीयत खराब होने की वजह से होम आइसोलेशन में हैं। इस वजह से लंबे समय से दफ्तर में कुछ …
बरेली, अमृत विचार। पीडब्ल्यूडी में एक अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता की कोरोना से मौत इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। विभाग के कई और इंजीनियर और स्टाफ या तो संक्रमित हैं या उसकी तबीयत खराब होने की वजह से होम आइसोलेशन में हैं। इस वजह से लंबे समय से दफ्तर में कुछ ही लोग आ रहे थे। इस बीच दो इंजीनियरों की मौत के बाद स्टाफ में महामारी को लेकर और भी ज्यादा खौफ बैठ चुका है। स्टाफ और ठेकेदारों के न आने से सड़क निर्माण सहित दूसरे काम भी लगभग ठप हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्टाफ की कमी की वजह से केवल बहुत ही जरूरी कार्यों का निबटारा किया जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी में काफी समय से स्टाफ सर्दी व खांसी की दिक्कत से जूझ रहे थे। बताते हैं कि जांच में विभाग के कई कर्मचारी व इंजीनियरों के संक्रमित मिलने के बाद से सभी डरे हुए थे। इसके बाद से दफ्तर में कर्मचारियों के आने की संख्या बहुत कम हो गई थी। इस बीच पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक के अधिशासी अभियंता रामसूरत और निर्माण खंड भवन के सहायक अभियंता वीरपाल आर्य की कोरोना से मौत हो गई।
महामारी में अपने दो इंजीनियर खोने के बाद विभाग में गम के साथ खौफ का माहौल व्याप्त है। कोरोना के खौफ की वजह से विभाग के इक्का-दुक्का ही कर्मचारी-अधिकारी दिखाई दे रहे हैं। केवल बहुत ही जरूरी कामकाज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्टाफ की कमी और ठेकेदारों के न आने से विभाग के निर्माण संबंधी कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। ठेकेदारों का कहना है कि इस समय जान बचाए या काम करें। इस समय मजदूर भी नहीं आ रहे हैं। इसलिए काम नहीं करा पा रहे हैं।
पांच करोड़ के टेंडर भी नहीं हो पा रहे
पीडब्ल्यूडी में काफी समय से नए काम स्वीकृत नहीं हुए हैं लेकिन मार्च में जिन कार्यों को मंजूरी मिली थी, उनके भी अब तक टेंडर नहीं कराए गये हैं। इसमें सड़कों के कई कामों के साथ पुल निर्माण और जिला योजना के काम हैं। पहले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आचार संहिता की वजह से टेंडर नहीं हो सके थे और अब कोरोना संक्रमण के चलते स्टाफ नहीं आ रहे हैं। इस वजह से करीब पांच करोड़ रुपये के टेंडर भी नहीं कराए जा पा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना कम होने के बाद ही अब कोई काम होगा।
संक्रमण की वजह से विभाग के दो इंजीनियरों के निधन की खबर से स्टाफ काफी दुखी हैं। लोगों में महामारी को लेकर खौफ बना हुआ है। इसलिए वर्तमान कार्यों के साथ नए कार्यों के टेंडर भी नहीं हो पा रहे हैं। -डीके तिवारी, अधीधण अभियंता, पीडब्ल्यूडी
