बरेली: लॉकडाउन- आठ दिन में 200 करोड़ का कारोबार प्रभावित
बरेली, अमृत विचार। पिछले साल लॉकडाउन में हुआ घाटा पूरा भी नहीं हो सका था कि एक बार फिर कोरोना वायरस से सहालग के सीजन में कारोबार को एक बड़ा झटका लगा है। अलग-अलग ट्रेड में कोरोना के खौफ के कारण पहले ही 40 से 70 फीसदी तक कारोबार प्रभावित था, अब पिछले शुक्रवार से …
बरेली, अमृत विचार। पिछले साल लॉकडाउन में हुआ घाटा पूरा भी नहीं हो सका था कि एक बार फिर कोरोना वायरस से सहालग के सीजन में कारोबार को एक बड़ा झटका लगा है। अलग-अलग ट्रेड में कोरोना के खौफ के कारण पहले ही 40 से 70 फीसदी तक कारोबार प्रभावित था, अब पिछले शुक्रवार से जारी लॉकडाउन से 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। व्यापारी शादी के सीजन में लॉकडाउन की लगातार बढ़ती अवधि से सहालग कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कह रहे हैं।
वहीं, दूसरी तरफ तमाम बड़े कारोबारी कोरोना वायरस से बचाव को इस नुकसान से ज्यादा लॉकडाउन को महत्वपूर्ण बता रहे हैं।
कोरोना की वजह से पिछले साल भी सहालग का सीजन चौपट हो गया था। तीन माह के लॉकडाउन और उसके बाद अनलॉक में शादी बरात पर लगी पाबंदियों ने इससे जुड़े कारोबार को समेट दिया। कुछ ऐसे ही हालात इस साल भी बन गए हैं। मांगलिक कार्यों की शुरूआत 22 अप्रैल से हो चुकी है। इसके कुछ दिन पहले ही कोरोना वायरस ने कहर बरपाना शुरू कर दिया था।
संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए सरकार ने शादी बारात पर पाबंदिया लगा दी। इसके बाद भी जब संक्रमितों की संख्या कम न हुई तो योगी सरकार ने पहले एक दिन, फिर दो दिन और उसके बाद तीन दिन का कर्फ्यू लगा दिया। मगर, इस सप्ताह कोरोना कर्फ्यू की समयसीमा बढ़ाकर पांच दिन कर दी। बाजार पांच दिन बंद रहने के बाद दो दिन ही खुलेगा। सहालग के मौसम में पांच दिन की बंदी कारोबारियों के लिए मुसीबत बनने लगी है।
व्यापारियों का कहना है कि शादी ब्याह के सीजन का बेसब्री से इंतजार रहता है, क्योंकि इसमें कारोबार अच्छा रहता है। इन दिनों में हर चीज की मांग बढ़ जाती है, लेकिन पांच दिन के लॉकडाउन ने सब चौपट कर दिया है। घर के तमाम खर्च कैसे चलेंगे इसकी अलग चिंता सता रही है। कुछ कर्मचारी तो जान है तो जहान है कि बात कहकर लॉकडाउन और आगे बढ़ाए जाने की बात कह रहे हैं।
कोरोना कर्फ्यू में किस कारोबार को कितना नुकसान
- ऑटोमोबाइल्स- 20 करोड़
- कपड़ा कारोबार- 35 करोड़
- सराफा कारोबार- 60 करोड़
- बर्तन कारोबार- 20 करोड़
- किराना कारोबार-65 करोड़
नोट- विभिन्न कारोबारियों से बातचीत पर अनुमानित धनराशि
व्यापारी बोले-
शादी में कपड़ों की जमकर खरीदारी होती है। सहालग के सीजन में फिर कोरोना ने कहर बरपा शुरू कर दिया। चेन तोड़ने के लिए लगे लॉकडाउन से व्यापार प्रभावित हो रहा है। -केपी गंगवार, कपड़ा कारोबारी
सहालग में बर्तन आदि की खूब खरीदी होती है। मगर, कोरोना के चलते लॉकडाउन के आठ दिन से बाजार बंद है। आगे भी खुलने की उम्मीद कम ही है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। – जतिन अरोरा, बर्तन कारोबारी
सहालग में दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री ज्यादा होती है। मगर, लग्न शुरू होने के बाद बढ़ते कोरोना संक्रमण ने पिछले साल की तरह इस बार भी कारोबार पर ग्रहण लगा दिया है। -संदीप सिंह, ऑटोमोबाइल कारोबारी
वतर्मान में हालात ठीक नहीं हैं। लॉकडाउन बढ़ाना सभी के हित में है। आर्थिक संकट से घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि समय का चक्र बदलता रहता है। सरकार जो कदम उठाती है देश हित में होता है। – विनोद, पेट्रोल पंप मैनेजर
