गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा यूपी का ये जिला, एक की मौत, 5 लोग घायल
उन्नाव। चुनावी रंजिश के कारण जनपद के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गांव समसपुर अटिया कबूलपुर के मजरा अंटवा में देर रात ग्राम प्रधान अनुराधा सिंह के पति रणधीर सिंह ने मनोज़ पाल के घर पर फायरिंग कर दी। आरोप है कि उसने जमकर गाली गलौज की और जान से मरने की धमकी भी दी। …
उन्नाव। चुनावी रंजिश के कारण जनपद के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गांव समसपुर अटिया कबूलपुर के मजरा अंटवा में देर रात ग्राम प्रधान अनुराधा सिंह के पति रणधीर सिंह ने मनोज़ पाल के घर पर फायरिंग कर दी। आरोप है कि उसने जमकर गाली गलौज की और जान से मरने की धमकी भी दी।
इस दौरान रणधीर सिंह की तरफ से लगभग 5 राउंड गोलियां चलाई गई। गोली लगने से मनोज पाल के परिवार के 6 लोग घायल हो गए। सियादुलारी(62) व दीपक पाल(12) पुत्र विमलेश पाल समय आधा दर्जन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान दीपक पाल की मृत्यु हो गई।
इस मामले में मनोज पाल की ओर से रणधीर सिंह, अनूप सिंह, मनोज सिंह, सूरज सिंह, नीरज सिंह व अनुराधा सिंह के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी गई है।
जिसके बाद से पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए आरोपी रणधीर सिंह को हिरासत में ले लिया है। उसके साथ पूछताछ शुरू कर दी है।
इस वजह से हुई थी फायरिंग की घटना
दरअसल गांव में प्रधान पद के लिए सामान्य महिला सीट आरक्षित हुई थी और रणधीर सिंह निर्विरोध निर्वाचित होना चाहता था। लेकिन संयोगवश मनोज पाल ने अपनी पत्नी मीनू पाल का नामांकन कराया था। जिससे रणधीर खुन्नस में था।
2 मई की मतगणना में परिणाम आने के बाद मनोज पाल को हार मिली और वो अपने घर के कामकाज मे लग गए और परिवार के साथ दिन गुजारने लगे। वहीं खुन्नस खाया रणधीर सिंह अपनी फिराक में था।
मनोज पाल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे अचानक गांव की बिजली गई और उसी दौरान मौका पाकर रणधीर सिंह करीब आधा दर्जन लोगों साथ असलहों से लैस होकर घर पर हमला बोल दिया। गाली देने के साथ जान से मार देने की बात कहते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
सीओ डॉ. बीनू सिंह ने बताया कि स्थिति को काबू करने के लिए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मुख्य आरोपी रणधीर सिंह व उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है जल्द ही सभी आरोपी पकड़ में आ जाएंगे साथ ही दोषियों पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
मृतक के घरवालों ने कही ये बात
मृतक के चाचा के मुताबिक घटना वाले दिन हम लोग अपने घर पर बैठे हुए थे चुनावी रंजिश थी। हम लोग चुनाव हार गए थे तो चुपचाप अपने घर में पड़े थे लाइट चली गई थी घर के बाहर बैठे थे। गांव में बारात आई हुई थी। हम लोग वही देख रहे थे कि तभी रणधीर सिंह उनके दो भाई मनोज सिंह और अनूप सिंह और कुछ अन्य लोगों के साथ हाथों में हथियार लेकर आ गए और हमला कर दिया।
पुलिस प्रशासन का पक्ष
वहीं इस पूरे प्रकरण में एएसपी उन्नाव शशि शेखर सिंह ने बताया कि थाना कल रात ग्राम अटिया दो पक्षों में चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट हुई। जिसमें एक बच्चे की गोली लगने से मृत हो गई और कुछ लोग घायल हैं। इसमें अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके दोनों साथियों को भी अरेस्ट किया जा चुका है। इस प्रकरण में गैंगस्टर समेत अन्य निर्धारित नियमों पर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-अवधेश कुमार
