यूपी में अब होम आइसोलेशन वाले कोरोना संक्रमित मरीजों को भी मिलेगा ऑक्सीजन सिलिंडर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराएगी। ऐसे मरीज जिनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव है या वे जिनकी रिपोर्ट तो नेगेटिव है लेकिन खून की जांच, एक्सरे या सीटी स्कैन में उनमें कोविड के लक्षण पाए गए हैं, उन्हें किसी डॉक्टर के हस्ताक्षरित पर्चे पर ऑक्सीजन सिलिंडर …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराएगी। ऐसे मरीज जिनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव है या वे जिनकी रिपोर्ट तो नेगेटिव है लेकिन खून की जांच, एक्सरे या सीटी स्कैन में उनमें कोविड के लक्षण पाए गए हैं, उन्हें किसी डॉक्टर के हस्ताक्षरित पर्चे पर ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से मंगलवार को इस बारे में मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को शासनादेश जारी कर दिया गया है।
होम आइसोलेशन के मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति कराते समय जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि ऑक्सीजन सिलिंडर किसी ऐसे मरीज को न दिया जाए जो पहले से किसी कोविड अस्पताल में भर्ती है।
होम आइसोलेशन के मरीजों के लिए उनके परिवारीजनों द्वारा ऑक्सीजन सिलिंडर प्राप्त करने के लिए जिलाधिकारी जिले में एक या उससे अधिक स्थान चिन्हित करेंगे।
मरीजों के आधार कार्ड की छायाप्रति और रोगी के इस्तेमाल के लिए सिलिंडर प्राप्त करने वाले व्यक्ति का आधार कार्ड व मोबाइल नंबर प्राप्त करने के बाद ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। सिलिंडर का चिन्हीकरण भी कराया जाएगा।
