अंबेडकर नगरः जहरीली शराब से मौत के मामले में आबकारी निरीक्षक समेत 4 निलंबित
अंबेडकर नगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। आबकारी निरीक्षक कौशलेंद्र प्रताप सिंह समेत 4 कर्मचारी निलंबित कर दिए गए हैं जबकि इससे पहले 4 पुलिसकर्मी …
अंबेडकर नगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। आबकारी निरीक्षक कौशलेंद्र प्रताप सिंह समेत 4 कर्मचारी निलंबित कर दिए गए हैं जबकि इससे पहले 4 पुलिसकर्मी भी निलंबित किए गए थे। आबकारी आयुक्त ने निलंबन की कार्रवाई की है। वहीं प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को अरेस्ट कर लिया है।
प्रशासन ने चलाया सर्च अभियान
जैतपुर थानाक्षेत्र के शिवपालपुर और मखदूमपुर गांव में जहरीली शराब से एक के बाद एक मौतों की सूचना पाकर जिले के डीएम सैमुवल पॉल एन और एसपी आलोक प्रियदर्शी अपने दल-बल के साथ मृतकों के गांव पहुंच गए। घर-घर सर्च अभियान चलाकर शराब की तलाशी ली। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ के आधार पर डीएम और एसपी आजमगढ़ जिले के पवई बाजार पहुंच गए। जहां से जहरीली शराब लाई गई थी जिसके बाद पुलिस ने शराब कांड के मुख्य आरोपी मोतीलाल सहित 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए जैतपुर एसओ पंडित त्रिपाठी और हल्का इंचार्ज सहित 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और जहरीली शराब से बीमार 3 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। एसपी ने कहा कि आगे की जांच जारी है। जो कोई भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा उसे हरगिज नहीं बक्शा जाएगा।
