बरेली: 40 किलोमीटर के वसूले 15 हजार, एंबुलेंस मालिक समेत तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रशासन के माध्यम से एंबुलेंस का किराना तय किए जाने के बावजूद एक एंबुलेंस संचालक ने मरीज को 40 किलोमीटर के दायरे में ही चार अस्पतालों में घुमाने के बदले पांच गुना किराया वसूला। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से मामले की शिकायत की। जिस पर पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर जाकर …

बरेली, अमृत विचार। प्रशासन के माध्यम से एंबुलेंस का किराना तय किए जाने के बावजूद एक एंबुलेंस संचालक ने मरीज को 40 किलोमीटर के दायरे में ही चार अस्पतालों में घुमाने के बदले पांच गुना किराया वसूला। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से मामले की शिकायत की। जिस पर पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर जाकर चालक, एंबुलेंस मालिक और टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

प्रेमनगर के मोहल्ला जाटवपुरा निवासी जयनेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पिता जयराज सिंह की बुधवार दोपहर तबियत बिगड़ी थी। इसके बाद वह बारादरी के एक अस्पताल से सिद्धि विनायक अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस लेकर निकले थे। एंबुलेंस में वह उन्हें सिद्धि विनायक लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें बेड नहीं मिला। वहां से वह उन्हें विनायक अस्पताल और फिर राजश्री मेडिकल कॉलेज ले गए लेकिन यहां भी बेड उपलब्ध नहीं था। इसके बाद वह परेशान होकर पिता को वापस मिशन अस्पताल लाए और भर्ती करा दिया। इस दौरान एंबुलेंस चालक ने उनसे 15 हजार रुपये का किराया वसूला।

जयनेंद्र ने इस मामले की शिकायत एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह से की तो उन्होंने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने और तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह के मुताबिक चार अस्पतालों में ले जाने के दौरान एंबुलेंस करीब 40 किलोमीटर चली, जिसका किराया करीब तीन हजार रुपये हुआ लेकिन एंबुलेंस संचालक ने इससे पांच गुना 15 हजार रुपये किराया वसूला।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एंबुलेंस मालिक सिद्धार्थनगर कॉलोनी निवासी चंद्रशेखर उर्फ टीटू, चालक संजयनगर निवासी मुन्नू और एंबुलेंस टेक्नीशियन जगतपुर पनवडिय़ा निवासी जावेद के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

किलोमीटर के हिसाब से किराया तय कर दिया गया है। इसके बाद भी एंबुलेंस चालक ने मरीज के तीमारदार से पांच गुना किराया वसूला था। शिकायत मिलने पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार