सीएम योगी आदित्यनाथ ने एएमयू पहुंचकर लिया स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर एएमयू के क्रिकेट ग्राउंड पर उतर गया है। सीएम योगी यहां से सीधा जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और यहां कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम ने सूचनाओं के आदान-प्रदान, कोविड मरीज़ो के रिकॉर्ड, आइसोलेशन की स्थिति व कोविड …

लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर एएमयू के क्रिकेट ग्राउंड पर उतर गया है। सीएम योगी यहां से सीधा जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और यहां कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम ने सूचनाओं के आदान-प्रदान, कोविड मरीज़ो के रिकॉर्ड, आइसोलेशन की स्थिति व कोविड से बचाव की व्यवस्थाओं पर सवाल भी पूछे।

मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री सुरेश राणा भी मौजूद रहे। यहां से सीधे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सभागार में बैठक करने पहुंचे।

 ऑक्सीजन संकट का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठा

मुख्यमंत्री ने जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस संक्रमण से रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों के संबंध में विचार विमर्श किया। मेडिकल कॉलेज के डेंटल कॉलेज वाले ऑडिटोरियम में हुई बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष मेडिकल कॉलेज में हो रही ऑक्सीजन की आपूर्ति में परेशानी की बात भी रखी गई।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी कि मेडिकल कॉलेज को थोड़ी देर के लिए भी ऑक्सीजन का संकट न करना पड़े।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज की क्षमता, चिकित्सा संस्थान, उपलब्ध संसाधन, आगामी विस्तार की परियोजनाएं, बेड की क्षमता, कोविड-19 टेस्टिंग की मशीनें आदि के विषय में जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जल्दी मेडिकल कॉलेज की उपकरणों की क्षमता में विस्तार किया जाएगा।

एएमयू के वीसी से मिलकर प्रोफेसर और कर्मचारियों के निधन पर जताया दुख

कोरोना संक्रमण से अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के कई प्रोफेसर सहित 16 लोगों की चंद दिनों में ही मृत्यु हो चुकी है। एएमयू के लिए कोरोना का यह कहर एक बड़ी त्रासदी सरीखा है। समूचा एएमयू परिसर इस त्रासदी को लेकर सदमें में है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कोरोना की त्रासदी को झेलने वाली एएमयू को लेकर चिंतित हुए।

जिसके चलते ही उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को हर तरह से सहयोग करने का वादा करने के 48 घंटे के भीतर ही अलीगढ़ जाने का फैसला कर लिया। और गुरूवार को मुख्यमंत्री लखनऊ से सीधे एएमयू आ गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार एएमयू पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने एएमयू के कुलपति से मिलकर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और कर्मचारियों के निधन पर दुख जताया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने एएमयू के सभागार में कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने को लेकर किए गए प्रबंधों की समीक्षा की तथा वैक्सीनेशन की प्रगति जानी।

इस दौरान कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर शाहिद अली सिद्दीकी, रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुंवर गौरांग देव चौहान घर में नजरबंद

इसके अलावा उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुंवर गौरांग देव चौहान को पुलिस ने घर में ही नजरबंद किया। कांग्रेस नेता ने बुधवार को घोषणा की थी कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलीगढ़ आगमन पर उनको काले झंडे दिखाएंगे। कुछ अन्य कांग्रेसियों को भी घर में नजरबंद किए जाने की सूचना है।

युवा कांग्रेस नेता जियाउर्रहमान को पुलिस ने किया नजरबंद

सीएम योगी के अलीगढ़ आगमन पर काले झंडे दिखाने का एलान करने वाले युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और चर्चित युवा नेता जियाउर्रहमान एडवोकेट को सिविल लाइन पुलिस ने सुबह से ही नजरबंद कर लिया है। जियाउर्रहमान ने कहा है कि पुलिस भाजपा का एजेंट बनकर काम कर रही है। यूपी में लोग ऑक्सीजन और बेड की कमी से मर रहे हैं और सीएम योगी खानापूर्ति के लिए दौरे कर रहे हैं।

संबंधित समाचार