पीलीभीत: छोछक की रस्म अदा कर लौटते समय पलटी ट्रैक्टर ट्राली, दो महिलाओं की मौत, 10 गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला/पीलीभीत, अमृत विचार। बेटी को पुत्र रत्न की प्राप्ति होने पर छोछक की रस्म पूरी करने आए ससुराल पक्ष के लोगों की ट्रैक्टर ट्राली वापसी के दौरान अचानक पलट गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को …

गजरौला/पीलीभीत, अमृत विचार। बेटी को पुत्र रत्न की प्राप्ति होने पर छोछक की रस्म पूरी करने आए ससुराल पक्ष के लोगों की ट्रैक्टर ट्राली वापसी के दौरान अचानक पलट गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी घर में कल शुक्रवार को ही एक विवाह समारोह भी संपन्न हुआ था। जश्न का माहौल मातम में बदल गया।

गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया भजा निवासी पोथी राम की नातिन कमलेश कुमारी की शुक्रवार को शादी थी। पीलीभीत के गांव गणेशपुर गोटिया से बारात आई थी। एक पखवाड़े पहले पोथी राम के पुत्र तेजपाल की पत्नी को भी पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। उसकी ससुराल शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम रसूला में है। उसके ससुराल के काफी लोग भी ट्रैक्टर ट्राली में भरकर पिपरिया भजा आए थे। ग्राम रसूला से आए लोगों ने पहले विवाह समारोह में शिरकत की और फिर छोछक की रस्म अदा की गई।

आज शनिवार की सुबह करीब दस बजे तेजपाल के ससुराल के लोग वापस रसूला के लिए निकले। करीब 20 महिलाएं ट्रैक्टर ट्राली पर सवार हो गईं जबकि अन्य लोग कार और बाइक से वापस होने लगे। पिपरिया भजा से कुछ ही दूरी पर मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर पलट गई। ट्रैक्टर ट्राली पलटने से अफरा तफरी का माहौल हो गया। हर तरफ चीख-पुकार मचने लगी। शोर शराबा सुनकर आसपास के काफी लोग जमा हो गए और उन्होंने ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे पड़े लोगों को निकालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर ट्राली के नीचे से घायलों को निकाला गया।

इस दुर्घटना में ग्राम रसूला की ही नेमवती पत्नी ओंकार, सुखदेई पत्नी राम प्रताप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा ध्रुव कुमार, लीलावती , ज्ञान देवी, प्रीति, प्रेमवती, श्रीदेवी, रामबेटी, सत्यवीर, प्रियांशु अनन्या, विद्या देवी और रूपंती बुरी तरह घायल हो गए ।इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत जिला अस्पताल दुर्घटना की खबर दी गई।

जिला अस्पताल से तुरंत चार एंबुलेंस घायलों को जिला अस्पताल लाने के लिए रवाना हो गई। एंबुलेंस पहुंचते ही घायलों को उस में डाल कर जिला अस्पताल लाया गया । घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि घायलों में तीन की हालत काफी चिंताजनक है । उनको हायर सेंटर के लिए रेफर किया जा सकता है।

संबंधित समाचार