बरेली: कोरोना वैक्सीन लगाई नहीं और जारी कर दिया सर्टिफिकेट
अमृत विचार, बरेली। कोविड वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए अब फर्जीवाड़ा भी शुरू हो गया है। ऐसे लोगों को भी वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है जो टीका लगवाने गए ही नहीं। कई जिलों में ऐसी शिकायत मिली हैं और शनिवार को बरेली में ऐसा मामला पकड़ा गया है। यहां पर एक …
अमृत विचार, बरेली। कोविड वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए अब फर्जीवाड़ा भी शुरू हो गया है। ऐसे लोगों को भी वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है जो टीका लगवाने गए ही नहीं। कई जिलों में ऐसी शिकायत मिली हैं और शनिवार को बरेली में ऐसा मामला पकड़ा गया है। यहां पर एक बीजेपी नेता को ही वैक्सीनेशन का ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। पूरा मामला जानकारी में आने के बाद जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने मामले की जांच और कार्रवाई की बात कही है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महानगर उपाध्यक्ष ने अपनी पत्नी के कोविड टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। पंजीकरण के बाद उनको शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीबीगंज में वैक्सीन लगवाने का समय मिला था। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन केंद्र पहुंचने से पहले ही उनके पास वैक्सीन लग जाने का मैसेज आ गया। जिस पर सीबीगंज सीएचसी पहुंचने के बाद उन्होंने पूरा मामला बताया लेकिन वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन लगाने से मना कर दिया। उन्होंने ऑनलाइन चेक किया तो वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट भी था। उसमें लिखा था कि उनका वैक्सीनेशन सफलतापूर्वक हो गया है। इतना ही नहीं, टीकाकरण की अगली तारीख भी दी थी।
यह बेहद गंभीर मामला है। अगर बिना टीकाकरण वैक्सीनेशन अपडेट किया गया है तो मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही जिसने भी ऐसा किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। – डा. आरएन सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
